इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वह 9 पारियों में 164.03 के स्ट्राइक रेट से 333 रन बना चुके हैं लेकिन पिछले दो मैचों में वह बुरी तरह से फ्लॉप हुए हैं। 3 मई गुजरात टाइटंस के खिलाफ श्रेयस 21 गेंद खेलकर 19 रन ही बना सके। इसके 3 दिन बाद यानी 6 मई (बुधवार) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 236 रन के चेज में PBKS को श्रेयस से कप्तानी पारी की जरूरत थी, तब वह 5 गेंद में 5 रन बनाकर चलते बने।

 

श्रेयस को ईशान मलिंगा ने फंसाया। इससे पहले मलिंगा के खिलाफ श्रेयस का गजब का रिकॉर्ड था। उन्होंने IPL में पिछली दो भिड़ंत में इस श्रीलंकाई तेज गेंदबाज के खिलाफ महज 13 गेंद में 43 रन ठोक दिए थे और एक बार भी आउट नहीं हुए थे। मलिंगा ने बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जबरदस्त वापसी की और श्रेयस को अपने स्पेल की दूसरी ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। SRH के कप्तान पैट कमिंस ने श्रेयस का ऊंचा कैच लपका।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या RCB के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? मुंबई इंडियंस के खेमे से आया अपडेट

श्रेयस के आउट होते ही टूटी PBKS की उम्मीदें

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर SRH ने 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने 13 गेंद में 35, जबकि ट्रेविस हेड ने 19 गेंद में 38 रन की पारी खेली। ईशान ने 32 गेंद में 55 रन जडे़। हेनरिक क्लासेन ने पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 43 गेंद में 69 रन, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए, जिससे SRH विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या RCB के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? मुंबई इंडियंस के खेमे से आया अपडेट

 

जवाब में PBKS के दोनों ओपनर 1.1 ओवर में ही पवेलियन लौट गए। प्रियांश आर्य (1) को कमिंस ने चलता किया तो प्रभसिमरन सिंह (3) का विकेट नीतीश ने झटका। इसके बाद मलिंगा ने श्रेयस को चलता कर PBKS की कमर तोड़ी। कूपर कोनोली ने एक छोर संभाले रखकर 59 गेंद में नाबाद 107 रन बनाए। इसके बावजूद PBKS 202 रन तक ही पहुंच सकी और 33 रन से मुकाबला हार गई। PBKS की यह लगातार तीसरी हार रही और वह पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर खिसक गई है। SRH ने टॉप पायदान पर कब्जा जमा लिया है।