भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह दुनियाभर में मशहूर हैं और कई बार अपने खेल के कारण सुर्खियों में रहे हैं। एक बार फिर युवराज सिंह चर्चा में हैं लेकिन इस बार वह किसी और युवराज सिंह की वजह से चर्चा में है। कनाडा के युवराज सिंह सामरा भी भारत के युवराज सिंह की तरह ही बल्लेबाजी करते हैं। खास बात यह है कि उनका नाम भी युवराज सिंह के नाम पर ही रखा गया है। युवराज सिंह सामरा कनाडा क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं और वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। 

 

युवराज सिंह सामरा ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं। वह बहमास के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में अर्धशतक लगा चुके हैं। युवराज सिंह सामरा 19 साल की उम्र में अब तक आठ वनडे, 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। युवराज सिंह सामरा ने खुद बताया कि उनका नाम भारत के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी युवराज सिंह के नाम पर रखा गया है। 

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप डेब्यू में लिए तीन विकेट, कनाडा के अंश पटेल का क्या है भारत कनेक्शन?

 

बचपन से क्रिकेट का क्रेज

युवराज सिंह सामरा के पिता बलजीत सिंह सामरा भी क्रिकेट के फैन हैं और वह थोड़े मजाकिया अंदाज के हैं। उन्होंने ही युवराज का नाम रखा था। युवराज याद करते हैं कि बचपन में उनके पिता उन्हें पता चले बिना चुपके से क्रिकेट खेलने के लिए निकल जाते थे लेकिन उनकी चाल काम नहीं आती थी। युवराज सामरा ने कहा, 'जब मैं बहुत छोटा था, तब अपनी मां के साथ सोता था। जैसे ही पापा सुबह सोकर उठते, मेरी आंख खुल जाती थी। वह मुझे मैच दिखाने साथ नहीं ले जाना चाहते थे, इसलिए मैं उठकर तुरंत उनसे पूछ लेता था कि आप कहां जा रहे हो? फिर मैं जिद करने लगता कि मुझे भी आपके साथ आना है। लास्ट में वह मुझे अपने साथ ले जाते थे।'

युवराज सिंह से मिल चुके हैं 

युवराज सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप में मात्र 12 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी और इसके बाद उनकी दिवानगी पूरी दुनिया में फैल गई थी। युवराज सामरा भारतीय दिग्गज युवराज सिंह से दो-तीन बार मिल चुके हैं। अपनी मुलाकात के बारे में याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे पापा ने मुझे युवराज नाम के बारे में बताया था। मुझे याद नहीं की मैं पहली बार कब उनसे मिला था लेकिन मुझे याद है कि मेरे पापा ने उन्हें मेरे नाम के बारे में बताया था। 2025 में मेरी उनसे दोबारा मुलाकात हुई।'

 

यह भी पढ़ें: नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में BCCI ने क्यों रोहित-कोहली का कद छोटा किया? जानें वजह

क्या चाहते हैं युवराज सामरा?

युवराज सामरा अपने क्रिकेट के बारे में बात करते हुए कहते हैं, 'मैं इस वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और फ्रेंचाइजी लीग खेलना चाहता हूं। यही मेरा मुख्य लक्ष्य है। मैं चाहता हूं कि दुनिया भर की लगभग सभी लीग खेलने वाले शुरुआती कनाडाई खिलाड़ियों में शामिल रहूं। मैं 19 साल का हूं और मुझे लगता है कि मुझमें वह क़ाबिलियत है। मेरे पापा तो चाहते ही हैं कि मैं मुंबई इंडियंस के लिए IPL खेलूं।'