15 साल के वैभव सूर्यवंशी जल्दी ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी शतक पर शतक लगाकर अपना अलग नाम बनाने में जुटे हैं।
आशीर्वाद ने हाल ही में समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में ताजपुर क्रिकेट एकेडमी के लिए 87 गेंद पर 103 रन बनाए थे। अब उन्होंने एक और धमाकेदार पारी खेली है। 10 साल के आशीर्वाद ने एक लोकल टूर्नामेंट में 119 गेंद में 19 चौके और 6 छक्कों की मदद से 168 रन ठोक दिए हैं। इसकी जानकारी उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने दी। संजीव ने फेसबुक पर लिखा, 'आशीर्वाद का एक और शतक... 168 (119 बॉल), 19 चौके और 6 छक्के।'
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया से हार गया पाकिस्तान, अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया?
यह भी पढ़ें: 'साफ-साफ जवाब दो, नहीं तो कानूनी...' मनिका बत्रा ने TT फेडरेशन को दी धमकी
आशीर्वाद भी हैं टैलेंटेड
इस समय क्रिकेट जगत में हर तरफ वैभव के नाम की चर्चा है। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने IPL 2026 में कोहराम मचाने के बाद श्रीलंका में ट्राई सीरीज के फाइनल में इंडिया-ए की ओर से महज 29 गेंद में 94 रन जड़ दिए थे। वैभव के बल्ले से 10 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी पारी की बदलौत टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज जीतने में सफल रही। अब वैभव का बहुप्रतीक्षित इंटरनेशनल डेब्यू होने वाला है। उन्हीं के कदमों पर आशीर्वाद भी चल रहे हैं।
वैभव की तरह आशीर्वाद भी बेहद टैलेंटेड बल्लेबाज हैं। आशीर्वाद दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। लोकल टूर्नामेंट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भी अगले स्टार के रूप में देखा जा रहा है। उनके पिता संजीव पहले ही कह चुके हैं कि आशीर्वाद को भी अगले दो साल में वैभव की तरह बना देंगे। भले आशीर्वाद को अभी लंबा सफर तय करना बाकी है लेकिन उनके पिता जिस लगन के साथ अपने बेटों के करियर पर फोकस करते हैं, वह दिन दूर नहीं, जब सूर्यवंशी परिवार का एक और नाम क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरेगा।


