यूथ सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी को रणजी ट्रॉफी 2026-27 के बिहार की टीम में जगह नहीं मिली है। इतना ही नहीं, उन्हें स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल नहीं किया गया है। बिहार क्रिकेट संघ (BCA) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की देखरेख में पहले दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम चुनी है। इसमें बिहार क्रिकेट की पहचान बन चुके वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली है। बिहार क्रिकेट संघ ने डेब्यू मैच में तिहरा शतक लगाने वाले सकीबुल गनी को कप्तान बनाया है जबकि हरफनमौला क्रिकेटर हिमांशु सिंह टीम के उपकप्तान होंगे।
वैभव सूर्यवंशी फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज का हिस्सा हैं। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है। भारत को न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है। यह दौरा नवंबर के पहले सप्ताह तक चलेगा। ऐसे में वैभव के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों तक बिहार की टीम से जुड़ने की संभावना नहीं है। यही वजह मानी जा रही है कि उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है।
सकीबुल गनी को मिली कप्तानी
बिहार क्रिकेट संघ ने सकीबुल गनी को टीम का कप्तान बनाया है। सकीबुल ने अपने रणजी डेब्यू मैच में तिहरा शतक लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। हिमांशु सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। आशुतोष अमन को बिहार का नया हेड कोच बनाया गया है वही अशोक कुमार असिस्टेंट कोच होंगे।
यह भी पढ़ें: '3 ICC ट्रॉफी आपके समर्पण का सबूत', अजित अगरकर की विदाई पर बोले गौतम गंभीर
बिहार रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपने अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के खिलाफ करेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 11 अक्टूबर को राजगीर के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार की टीम में 17 खिलाड़ियों को चुना गया है। वहीं, छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया है।
पहले दो मैचों के लिए बिहार की टीम
सकीबुल गनी (कप्तान), आयुष लोहारुका, मंगल महरौर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), सरमन निग्रोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, हिमांशु सिंह (उपकप्तान), खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, शाकिब हुसैन, एमडी इज़हार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और आमोद यादव।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: नवाज खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह।
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी, न्यूजीलैंड दौरे के लिए मिला मौका
सपोर्ट स्टाफ
हेड कोच: आशुतोष अमन
असिस्टेंट कोच: अशोक कुमार
फिजियोथेरेपिस्ट: डॉ. हेमेंदु
ट्रेनर: गोपाल कुमार
