इन दिनों विंटर ओलंपिक काफी चर्चा में हैं। विंटर ओलंपिक 2026 की शुरुआत 6 फरवरी से हो चुकी है और यह इवेंट 22 फरवरी तक चलेगा। इस इवेंट में दुनिया के 92 देशों ने हिस्सा लिया है। कुल 2,871 एथलीट्स इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 1533 पुरुष और 1338 महिला एथलीट्स हैं। विंटर ओलंपिक के कारण फीगर स्केटिंग एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर इस खेल के काफी वीडियो वायरल हो रहे हैं।
विंटर ओलंपिक में फिगर स्केटिंग समेत कुल 8 स्पोर्ट्स शामिल किए गए हैं और कुल 116 इवेंट रखे गए हैं। इसमें अल्पाइन स्कीइंग, आइस हॉकी, कर्लिंग, फिगर स्केटिंग, स्पीड स्केटिंग, स्नोबोर्डिंग, बायथलॉन, बॉबस्लेय, लूज, और स्की जंपिंग जैसे स्पोर्ट्स शामिल हैं। यह इवेंट इटली के मिलानो और कॉर्टिना शहरों में आयोजित किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी फिगर स्केटिंग के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें खिलाड़ी बर्फ पर डांस करते और अलग-अलग फिगर बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: विंटर ओलंपिक 2026 में दो भारतीय एथलीटों ने लिया हिस्सा, एक ने रचा इतिहास
क्या है फिगर स्केटिंग?
फिगर स्केटिंग एक बर्फ पर खेले जाने वाला एक मजेदार खेल है। इसमें खिलाड़ी स्केट्स यानी खास किस्म के जूते पहनते हैं। इसमें नीचे एक ब्लेड लगी होती है और इसकी मदद से खिलाड़ी बर्फ पर फिसलते हैं। इस खेल में खिलाड़ी ट्रिपल एक्सल, क्वाड जंप जैसे करतब दिखाते हैं। इसके साथ ही बर्फ पर स्केटिंग करते हुए डांस स्टेप्स, स्पिन और मूवमेंट्स करते हैं। इस सब के बीच बैकग्राउंड में म्यूजिक चलता रहता है। इस खेल में कुछ इवेंट जोड़े में होते हैं और कपल एक दूसरे को उठाते हैं। इस खेल में खिलाड़ी बर्फ पर अलग-अलग फिगर बनाते हैं इसलिए इस खेल को फिगर स्केटिंग कहा जाता है।
विंटर ओलंपिक में पांच इवेंट्स
विंटर ओलंपिक 2026 में फिगर स्केटिंग के कुल पांच इवेंट शामिल हैं। इसमें मैन सिंगल स्केटिंग, वुमन सिंगल स्केटिंग, पेयर स्केटिंग, आईस डांस और टीम इवेंट शामिल हैं। फिगर स्केटिंग विंटर ओलंपिक के सबसे पुराने खेलों में से एक है। इस खेल की दुनियाभर में खासकर यूरोप में बहुत ज्यादा लोकप्रियता है।
2026 में अब तक क्या-क्या हुआ?
फिगर स्केटिंग में अब तक हुए इवेंट्स में पेयर स्केटिंग इवेंट में जापान की रिकु मिउरा और यूइची किहारा ने गोल्ड मेडल जीता है। पेयर स्केटिंग में जापान का यह पहला गोल्ड मेडल है। जॉर्जिया के अनास्तासिया मेटेलकिना और लुका बेरुलावा को सिल्वर और जर्मनी के मिनर्वा फेबिएने हेज और निकिता वोलोडिन को ब्रॉन्ज मेडल मिला है। टीम इवेंट में अमेरिका को गोल्ड, जापान को सिल्वर और इटली को ब्रॉन्ज मेडल मिला है।
मेन सिंगल्स में कजाकिस्तान ने गोल्ड, जापान ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। आइस डांस इवेंट में फ्रांस ने गोल्ड, अमेरिका ने सिल्वर और कनाडा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वुमेन सिंगल्स में जापान का दबदबा है लेकिन फाइनल रिजल्ट का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: नीदरलैंड्स के सामने तो चल गया... सुपर-8 में यह गलती मत करना टीम इंडिया!
भारत के सिर्फ दो एथलीट
विंटर ओलंपिक 2026 में भारत के सिर्फ दो एथलीट ही शामिल हुए हैं। फिगर स्केटिंग में भारत का कोई भी एथलीट नहीं है। आरिफ मोहम्मद खीन और स्टैंजुन लुंडुप भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के आरिफ मोहम्मद खान ने इस विंटर ओलंपिक में पुरुषों के स्लैलम इवेंट में 39वां स्थान हासिल किया है। उनकी जीत के साथ भारत ने विंटर ओलंपिक में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है।
भारत विंटर ओलंपिक में बहुत कम हिस्सेदारी रखता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि इस तरह के खेलों के लिए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। भारत के एथलीट इन खेलों के लिए प्रैक्टिस करने के लिए दूसरे देशों में जाते हैं जो उनके लिए बहुत ज्यादा मंहगा पड़ता है। हालांकि, बीते कुछ सालों से भारत में यह खेल चर्चा में बने हुए हैं।
