विराट कोहली ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। हालांकि, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। कोहली के इस बयान से उनके संन्यास को लेकर चल रही चर्चाओं को जरूर हवा मिल गई है।
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज की टीम इस समय भारत दौरे पर है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज और पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज के मुकाबले 27 सितंबर, 30 सितंबर और 3 अक्टूबर को होंगे। इन मैचों में विराट कोहली भी मैदान पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: IPL 2027 ऑक्शन का वेन्यू तय, दिसंबर में गोवा में आयोजन करेगा BCCI
विराट कोहली का पूरा बयान
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाले पहले वनडे से पहले विराट कोहली ने जियोस्टार से बातचीत की। उन्होंने कहा, '50 ओवर के वर्ल्ड कप की तीव्रता किसी भी चीज से ज्यादा होती है। अब इसे ऐसे समझिए कि आप टी20 जैसी तीव्रता के साथ करीब 10 मैच खेल रहे हैं। लेकिन एक दिन में आप ढाई टी20 मैच जितनी क्रिकेट खेलते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'किसी बड़े टूर्नामेंट और वर्ल्ड कप में 10 मैचों तक इसी तीव्रता को बनाए रखना आसान नहीं है। खासकर तब, जब मुकाबले विदेशी परिस्थितियों में हो रहे हों। इससे शरीर और दिमाग पर काफी असर पड़ता है। मेरे लिए यह भारत की ओर से खेलने वाला आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है।'
यह भी पढ़ें: CSK के प्लेयर रहे वंश बेदी का नाम फिक्सिंग में कैसे आ गया, अब तक क्या पता है?
वर्ल्ड कप में शानदार है रिकॉर्ड
विराट कोहली ने वनडे वर्ल्ड कप के 37 मैचों में 1,795 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.83 का है। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। वर्ल्ड कप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन है। वनडे क्रिकेट में भी कोहली के आंकड़े मजबूत हैं। उन्होंने 302 पारियों में 14,941 रन बनाए हैं। उनके नाम 54 शतक और 79 अर्धशतक हैं। वनडे में उनका बल्लेबाजी औसत 58.59 का है।
