आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से पहले अमेरिका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के तेज गेंदबाज जसदीप सिंह चोटिल होने के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए। अब पाकिस्तान से मैच से पहले अमेरिका ने उनकी जगह एक पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी एहसान आदिल को अपनी टीम में शामिल किया है। पाकिस्तानी आदिल अब अपने ही देश के खिलाफ मैच खेलते नजर आ सकते हैं।
एहसान आदिल को अमेरिकी टीम को इसलिए शामिल करना पड़ा क्योंकि उनके खिलाड़ी जसदीप सिंह घायल हो गए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के दौरान फील्डिंग करते समय उनके कंधे पर चोट लग गई थी। चोट के कारण उन्होंने बिना कोई गेंद फेंके ही मैदान छोड़ दिया और अब वह पूरी तरह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। वह भारत के खिलाफ भी मैच नहीं खेल सके थे।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की लगातार दूसरी जीत, USA को 32 रन से हराया
कौन हैं एहसान आदिल?
एहसान आदिल मूल रूप से पाकिस्तान के नागरिक हैं। उनका जन्म पाकिस्तान के गोजरा में साल 1993 में हुआ था। बचपन से क्रिकेट के दिवाने आदिल ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम में जगह बनाई। उन्होंने 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 5 विकेट और 6 वनडे मैचों में 4 विकेट हासिल किए।
अमेरिका के लिए क्यों खेले?
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लिए कुछ मैच खेलने के बाद आदिल को जब पाकिस्तानी क्रिकेट टीम में मौका नहीं मिला तो उन्होंने अमेरिका के लिए खेलना शुरू कर दिया था। अब 11 साल बाद वह वापस इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने उतरे हैं। उन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। उन्होंने पहला ही मैच अपने पूर्व देश पाकिस्तान की टीम के खिलाफ खेला।
कैसा रहा प्रदर्शन?
एहसान आदिल को अमेरिका की टीम में काफी उम्मीदों के साथ शामिल किया गया है। हालांकि, पहले मैच में वह इन उम्मीदों को पूरा नहीं कर पाए। उनकी पूर्व टीम पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने उनकी जमकर पिटाई की। अपने पहले इंटरनेशनल टी20 मुकाहले में उन्होंने 3 ओवर में 39 रन दिए और वह एक भी विकेट नहीं ले सके।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप डेब्यू में लिए तीन विकेट, कनाडा के अंश पटेल का क्या है भारत कनेक्शन?
अमेरिका की टीम
एहसान आदिल अब अमेरिकी टीम का हिस्सा हैं। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी ने एहसान आदिल को अमेरिकी टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। अब अमेरिकी टीम में मोनांक पटेल (कप्तान और विकेटकीपर), एंड्रीज गौस , शहन जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयन जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्थुष केनजिगे, शैडली वैन शाल्कवाइक, सौरभ नेत्रवलकर, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन, अली खान, एहसान आदिल शामिल हैं।
