ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार टीमों की संख्या 12 तक पहुंची है। स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की टीम अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरेगी। नीदरलैंड्स को भारत के ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप-1 में भारत-नीदरलैंड्स के अलावा ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान और बांग्लादेश भी है। आइए जानते हैं किन टीमों से भारत को खतरा है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत से बनेगी बात

भारतीय टीम को ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद उसे नीदरलैंड्स, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश से भिड़ना है। टीम इंडिया के लिए साउथ अफ्रीका वाला मैच बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम पाक और नीदरलैंड्स को आसानी से हराने का दम रखती है। इसके बाद अगर वह साउथ अफ्रीका से हार जाती है, तो उसकी राहें मुश्किल हो जाएंगी। 

 

भारत को यहां से सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस सिचुएशन से बचने के लिए कप्तान हरमनप्रीत चाहेंगी कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने आखिरी लीग मैच में उतरने से पहले अपने सभी मैच जीत ले और पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ले।  

 

यह भी पढ़ें: 32 साल में 10 गुना महंगा हुआ फुटबॉल मैच, 9 लाख में मिलेगा फाइनल देखने का टिकट

ऑस्ट्रेलिया फिर बनेगी राह में रोड़ा?

टीम इंडिया अगर अपने पहले 4 लीग मुकाबलों में से एक भी हारती है तो उसके लिए ऑस्ट्रेलिया वाला मैच वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया की टीम विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम है। वह अब तक 6 बार ट्रॉफी पर कब्जा कर चुकी है, जिसमें से एक भारत के खिलाफ 2020 में आई थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया को सेमीफाइनल से बाहर का रास्ता दिखाया था। अतीत को देखते हुए भारतीय टीम किसी भी सूरत में ऑस्ट्रेलिया के सामने करो या मरो की स्थिति में उतरने से बचना चाहेगी।

 

यह भी पढ़ें: बेन स्टोक्स की कप्तानी जाएगी, ड्रॉप भी होंगे... आखिर नाइटक्लब में हुआ क्या था?

क्या है टूर्नामेंट का फॉर्मेट?

सभी 12 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। अपने ग्रुप में टॉप-2 में फिनिश करने के लिए भारतीय टीम को कम से कम 4 मैच जीतने जरूरी हैं। इसीलिए टीम इंडिया को ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करना ही होगा। ऑस्ट्रेलिया को इस फॉर्मेट में हराना कतई आसान नहीं है। ऐसे में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका का शिकार करना होगा।


विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, राधा यादव।