हरियाणा के हिसार जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार सुबह, मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET के री-एग्जाम में शामिल होने से ठीक कुछ घंटे पहले एक 19 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक छात्रा बरवाला क्षेत्र के धानी खान बहादुर गांव की रहने वाली थी। परिवार के मुताबिक, वह रविवार सुबह करीब 11 बजे होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, मृतका मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी और यह उसका तीसरा प्रयास था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: डिवाइडर से भिड़ी BMW, कई बार पलटी... परखच्चे उड़े; दो की गई जान
मीडिया से बात करते हुए हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा, 'हां, हमें 19 वर्षीय NEET अभ्यर्थी की आत्महत्या की सूचना मिली है। हालांकि, अभी यह कहना सही नहीं होगा कि उसने परीक्षा के तनाव की वजह से यह कदम उठाया।'
परीक्षा केंद्र जाने से पहले बिगड़ी तबीयत
यह दुखद वाकया हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र में स्थित ढाणी खान बहादुर गांव का है। मृतका के परिजन के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे उसे NEET री-एग्जाम में शामिल होना था। परीक्षा केंद्र के लिए निकलने से कुछ घंटे पहले ही उसने अपने घर में कोई जहरीला कीटनाशक खा लिया। सुबह करीब 10 बजे छात्रा को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं। उस समय घर पर मौजूद उसकी मां उसे तुरंत गांव के ही एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले गईं लेकिन छात्रा की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: छोटे शहर के 40 हजार मुंबई के 1.20 लाख से कैसे अच्छे? शख्स ने पूरा गणित समझा दिया
तीसरे प्रयास में शामिल होने वाली थी छात्रा
परिजन ने बताया कि मृतका राजस्थान के सीकर में एक कोचिंग संस्थान में रहकर पिछले काफी समय से NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। डॉक्टर बनने की चाहत रखने वाली इस छात्रा का यह तीसरा प्रयास था। वह अपने पहले प्रयास में परीक्षा पास नहीं कर पाई थी। वहीं, उसका दूसरा प्रयास 3 मई को हुआ था, जिसे पेपर लीक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा रद्द कर दिया गया था। इसी वजह से वह रविवार को दोबारा आयोजित होने वाली इस परीक्षा में बैठने वाली थी लेकिन उससे पहले ही यह खौफनाक कदम उठा लिया।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो भारत सरकार की 24 घंटे मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन Tele-MANAS (1800 891 4416) पर मदद ली जा सकती है।


