उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 30 साल के एक कारोबारी की उसके कार सर्विस सेंटर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में मीडिया के साथ जानकारी शेयर की। पुलिस के मुताबिक, इस हत्या को कारोबारी नवजोत सिंह के 22 साल के सौतेले बेटे अवदीप सिंह ने अंजाम दिया था। उसने कथित तौर पर अपने एक रिश्तेदार राजनदीप सिंह के साथ मिलकर यह हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक, इस हत्या को अंजाम देने के पांच दिन पहले ही कारोबारी नवजोत सिंह का बेटा अवदीप विदेश से घर लौटा था। बताया जा रहा है कि वह न्यूजीलैंड में रहता था और घटना से पांच दिन पहले ही भारत लौटा था। पुलिस ने बताया कि इस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद था।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु पब में IAS ने पुलिस इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़, गाली दी, FIR दर्ज
शाम के समय किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 अक्टूबर की शाम मिलक खानम इलाके में हुई। एक गाड़ी नवजोत के सर्विस सेंटर के बाहर आकर रुकी। उसमें से दो हमलावर बाहर निकले और नवजोत पर गोलियां चला दीं और इस हमले में गोली लगने से नवजोत की मौत हो गई। इसके बाद नवजोत के पिता ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
पुलिस ने क्या बताया?
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या के 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को मिलक खानम इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बताई जा रही ऑल्टो कार, तीन बंदूकें और छह कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में से एक नवजोत की पत्नी का पहली शादी से हुआ बेटा अवदीप सिंह है, जबकि दूसरा उसकी बुआ का बेटा राजनदीप सिंह है।
यह भी पढ़ें: बिहार सरकार ने बाढ़ पीड़ितों को दिए 112 करोड़, कल किसानों को मिलेगी सब्सिडी
क्यों की हत्या?
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि हत्या की वजह नवजोत और उसकी पत्नी कमल कौर की शादी को लेकर नाराजगी थी। कमल कौर 49 साल की हैं, जबकि नवजोत की उम्र 30 साल थी। कमल कौर ने अपने पहले पति की मौत के बाद नवजोत से दूसरी शादी की थी। अवदीप अपनी मां की इस शादी से खुश नहीं था, क्योंकि नवजोत उम्र में उससे काफी छोटा था। पुलिस के मुताबिक, अवदीप ने न्यूजीलैंड से लौटने के बाद राजनदीप के साथ मिलकर नवजोत की हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि कमल कौर के दो बेटे अवदीप सिंह और जोगनप्रीत सिंह हैं, जो न्यूजीलैंड में रहते हैं। दोनों अपनी मां की नवजोत से दूसरी शादी के खिलाफ थे। पुलिस का मानना है कि शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, इसी नाराजगी के चलते नवजोत की हत्या की गई। हालांकि, मामले की जांच जारी है। वहीं, नवजोत के पिता निशान सिंह ने दावा किया कि कमल कौर के बेटों ने इस शादी का विरोध किया था। उन्होंने अपनी बहू कमल कौर की सुरक्षा के लिए भी मांग की है।
