युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) की तरफ से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के तत्वावधान में आज संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में 700 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने फिटनेस को लेकर लोगों को जागरूक भी किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुणे से इस 100वें संस्करण का नेतृत्व किया। उनके साथ देश के 100 प्रतिष्ठित स्थानों तथा भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के अधीनस्थ पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुल 12 केंद्रों पर भी एक साथ साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में फ्री स्टाइल स्केटर एवं अर्जुन अवॉर्डी एवं गिनीज बुक ऑर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड हॉल्डर जानवी जिंदल और भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी एवं ओलंपियन नवजोत कौर विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे। इस 100वें संस्करण की थीम भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम रखी गई।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में विशाल साइकिल रैली के साथ-साथ विभिन्न फिटनेस गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।
यह भी पढ़ें: स्रेह मिलन समारोह में पिता को याद कर भावुक हुए भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई
'नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान दें युवा'
कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद अवॉर्डी एवं वॉलीबॉल कोच ओम प्रकाश ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट का यह अभियान 'फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में बेहद सफल रहा है। आज के युवाओं को खेलों और फिटनेस गतिविधियों से जुड़ना चाहिए और नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए, ताकि भविष्य में भारत ओलंपिक मंच पर और भी अधिक पदक जीत सके।
यह भी पढ़ें: 15 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं, निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग ने पुलिस से मांगा जवाब
'चैंपियन की पहली सीढ़ी स्वस्थ शरीर'
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी एवं ओलंपियन नवजोत कौर ने कहा कि एक खिलाड़ी के रूप में जब मैं आज इतने सारे युवाओं और नागरिकों को एक साथ साइकिल चलाते देखती हूं, तो देश के खेल भविष्य के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। फिट इंडिया मूवमेंट की यह पहल हमें ओलंपिक के सपने के करीब ले जा रही है। स्वस्थ शरीर और अनुशासित जीवनशैली ही किसी भी चैंपियन की पहली सीढ़ी होती है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में प्रदूषण रोकने के लिए 15 विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान, जारी हुए फंड
'साइकिल चलाना सर्वोत्तम व्यायाम'
साइकिलिस्ट रूपेश बाली ने कहा कि एक साइकिलिस्ट के रूप में यह गर्व का क्षण है कि आज देश भर में हजारों लोग एक साथ साइकिल चला रहे हैं। साइकिल चलाना सर्वोत्तम व्यायाम है, जो हृदय और शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा करता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
यह भी पढ़ें: संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा में घमासान, हुड्डा ने सरकार पर उठाए सवाल
'तनावमुक्त रखते हैं आउटडोर खेल'
अर्जुन अवॉर्डी एवं गिनीज बुक ऑर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड हॉल्डर जानवी जिंदल ने कहा कि सुबह-सुबह इतनी बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों का उत्साह देखना बेहद प्रेरणादायक है। चाहे साइकिलिंग हो या स्केटिंग, आउटडोर खेल हमें ऊर्जावान और तनावमुक्त रखते हैं। आज संड ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है। यह हर युवा को फिट रहने के लिए प्रेरित करेगा।
