हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के आंकड़े सरकार के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं। हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद में आवेदन करने वाली महिलाओं में से करीब 93 फीसदी को निराशा हाथ लगी है। पिछले तीन वर्षों में योजना के तहत आए 8.25 लाख से अधिक आवेदनों में से 7.69 लाख आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। यानी आवेदन करने वाली महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा सरकारी सहायता की पात्रता पूरी नहीं कर पाया।

 

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सामने आए ये आंकड़े योजना के वास्तविक लाभार्थियों और आवेदन करने वाली महिलाओं के बीच बड़े अंतर को उजागर करते हैं। स्थिति यह है कि 8,25,446 आवेदनों में से केवल 51,853 को ही मंजूरी मिल पाई है, जबकि 4,408 आवेदन अभी भी लंबित हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं योजना के दायरे से बाहर क्यों हो गईं? शनिवार को पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी की ओर से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने यह जानकारी सदन में रखी। सरकार के अनुसार ये आंकड़े एक नवंबर 2026 तक के हैं।

दो लाख की आय सीमा ने रोक दी सहायता की राह

योजना के तहत आवेदन खारिज होने की सबसे बड़ी वजह परिवार की वार्षिक आय की निर्धारित सीमा है। सरकार ने पात्रता के लिए परिवार की सालाना आय दो लाख रुपये तक तय की है। इस शर्त के कारण बड़ी संख्या में आवेदन पात्रता के दायरे से बाहर हो गए। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का प्रावधान है। इस लिहाज से यह सहायता सालाना 18 हजार रुपये बनती है। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए यह राशि घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों में मददगार हो सकती है। लेकिन आवेदन करने वाली अधिकांश महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल पाया। यहां एक अहम सवाल यह भी है कि क्या योजना की पात्रता शर्तें तय करते समय प्रदेश की महिलाओं की वास्तविक आर्थिक परिस्थितियों का पर्याप्त आकलन किया गया था? खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां परिवारों की आय नियमित नहीं होती और कई महिलाएं कृषि, पशुपालन तथा छोटे-मोटे कामों से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाती हैं।

 

यह भी पढ़ें: नए जिलों पर हिमाचल में रार, कांगड़ा बांटने पर विधायक आमने-सामने 

कांगड़ा में सबसे ज्यादा आवेदन निरस्त

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिला आवेदन निरस्त होने के मामले में सबसे आगे है। यहां योजना के लिए 1,75,544 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,59,068 निरस्त कर दिए गए, जबकि 15,670 को मंजूरी मिली। मंडी जिले में भी स्थिति लगभग ऐसी ही है। यहां 1,23,125 आवेदनों में से 1,19,938 आवेदन खारिज किए गए। इसी तरह शिमला में 79,536, ऊना में 73,399 और सिरमौर में 72,229 आवेदन निरस्त हुए। सोलन जिले में 51,837 आवेदनों में से 51,246 खारिज किए गए। हमीरपुर में 49,786 और बिलासपुर में 44,994 महिलाओं के आवेदन अस्वीकृत हुए। चंबा में भी 56,048 आवेदन निरस्त किए गए। इन आंकड़ों से साफ है कि योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं की संख्या काफी बड़ी थी, लेकिन स्वीकृति पाने वाली महिलाओं का अनुपात बेहद कम रहा।

जनजातीय क्षेत्रों में मंजूरी के आंकड़े अलग

दूसरी ओर, जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के आंकड़ों में कुछ अलग तस्वीर दिखाई देती है। पांगी में 3,228 आवेदनों में से 1,926 को मंजूरी मिली है। काजा में 1,054 में से 814 आवेदन स्वीकृत हुए, जबकि डोडरा क्वार में 835 में से 509 महिलाओं को योजना के लिए पात्र पाया गया। हालांकि इन क्षेत्रों में भी कुछ आवेदन अभी लंबित हैं। किन्नौर में सबसे अधिक 2,158 आवेदन लंबित हैं। पांगी में 1,192, डोडरा क्वार में 215, कांगड़ा में 806 और काजा में 28 आवेदन अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।

 

सरकार ने स्पष्ट किया है कि शेष पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा। हालांकि, लंबित आवेदनों के निपटारे और पात्र महिलाओं को सहायता उपलब्ध करवाने के लिए कोई निश्चित समयसीमा सामने नहीं आई है। ऐसे में हजारों महिलाएं अभी भी इस इंतजार में हैं कि उनके आवेदन को मंजूरी मिलेगी या नहीं।

योजना की पहुंच और पात्रता पर उठे सवाल

सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना की सफलता केवल उसके बजट या घोषित आर्थिक सहायता से नहीं, बल्कि इस बात से भी आंकी जाती है कि उसका लाभ कितने जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। प्यारी बहना योजना के मामले में 8.25 लाख से अधिक आवेदन और महज 51,853 स्वीकृत आवेदनों का अंतर इस बहस को जन्म देता है कि योजना की पात्रता शर्तें कितनी व्यापक हैं और क्या बड़ी संख्या में जरूरतमंद महिलाएं भी इससे बाहर रह गई हैं। विधानसभा में सामने आए आंकड़े अब सरकार के सामने दोहरी चुनौती रखते हैं। एक तरफ पात्र महिलाओं तक सहायता पहुंचाने की जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी तरफ इतनी बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त होने के कारणों और पात्रता प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना भी जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: 47 दवा कंपनियां बार-बार फेल, उत्पादन पर रोक; हिमाचल की दवा इंडस्ट्री पर सवाल