बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध मंदार पर्वत शिखर स्थित भगवान वासुपूज्य जैन मंदिर में चोरी करने वाले चोरों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जैन धर्म के 12वें तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य स्वामी की निर्वाण स्थली पर हुई इस चोरी की घटना ने जैन समाज और श्रद्धालुओं के बीच चिंता बढ़ा दी है।
मंदिर में चोरी की वारदात के 3 दिन बीत जाने के बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। श्री मंदारगिरी जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र प्रबंधन के अनुसार चोरी की इस वारदात में छह चांदी के छत्र और गुप्त भंडार से दान की अनुमानित 25 हजार रुपये की राशि व अन्य सामान की चोरी की गई है। चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने आठ ताले तोड़कर और 4 दरवाजे पार कर इस वारदात को अंजाम दिया है। पहले उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा। फिर एक-एक कर अंदर के तीन और दरवाजों के ताले तोड़े। गर्भगृह में पहुंचकर उन्होंने भगवान की मूर्ति के ऊपर लगे छह चांदी के छत्र चुरा लिए। इसके बाद गुप्त भंडार का ताला तोड़कर वहां रखी दान की राशि करीब 25 हजार रुपये और अन्य पूजा सामग्री भी ले गए।
यह भी पढ़ें: NIRF में नंबर-3 लेकिन संस्थान में छात्रसंघ गायब, 20 साल से क्यों नहीं हुए चुनाव?
इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह मंदिर के पुजारी पूजा के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के सभी ताले टूटे हुए हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।
भगवान की मूर्ति से छत्र चुराए
घटना की गंभीरता को देखते हुए बौंसी पुलिस की टीम ने मंदिर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसी दौरान रोपवे के सीसीटीवी फुटेज में 4 नकाबपोश चोर दिखाई दिए हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चारों चोर रात के अंधेरे में मुंह पर कपड़ा बांधे हुए मंदिर की ओर जा रहे हैं। उनके हाथ में लोहे के रॉड और बैग हैं।
यह भी पढ़ें: सपा बांटने वाली थी 1000 बच्चियों को साइकिल, कार्यक्रम पर चला बुलडोजर एक्शन
पुलिस ने इस फुटेज को कब्जे में ले लिया है और चोरों की पहचान करने में जुट गई है। हालांकि, अब तक चोरों का सुराग नहीं मिलने से मंदिर प्रबंधन और जैन समाज में चिंता बनी हुई है। श्री मंदारगिरी जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र के प्रबंधक ने बताया कि मंदार पर्वत जैन धर्म का सबसे पवित्र स्थल है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं।
मंदिर की सुरक्षा के लिए पहले से ही मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। रात में यहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं रहता। इसका फायदा चोरों ने उठाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी गए छत्र और सामान बरामद किया जाए। साथ ही मंदिर की सुरक्षा के लिए स्थायी पुलिस बल तैनात किया जाए और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए।
