देशभर में मई की शुरुआत के साथ ही मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ तो गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पास पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कुछ राज्यों में बारिश के कारण गर्मी से राहत मिल रही है लेकिन इन राज्यों में आंधी-तूफान आफत बना हुआ है। आज 5 मई को भी देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इनमें ज्यादातर राज्य मध्यभारत के और पूर्वोत्तर भारत के हैं। इसके अलावा उत्तर भारत में अब एक बार फिर से गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। 

 

दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। सुबह से ही दिल्ली में बादल छाए हुए हैं और दिन में भी बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आज हल्की बूंदाबांदी हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: अधीर रंजन हारे, फिर बंगाल में जीतने वाले दो कांग्रेसी नेता कौन हैं?

 

इन राज्यों में बारिश के आसार

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज देश के 17 राज्यों में बारिश के आसार हैं। जिन राज्यों में बारिश की संभावना है उनमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्स शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में आंधी के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 

 

इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी झमाझम बारिश के आसार हैं।  5 से 7 मई के बीच कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इसके साथ ही आज अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 

दक्षिण भारत का मौसम

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है और बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है।

 

उत्तर भारत में गर्मी

उत्तर भारत में पिछले 3 दिनों से बारिश और आंधी के कारण गर्मी से राहत मिलती हुई नजर आ रही थी लेकिन अब ज्यादातर राज्यों में यह राहत खत्म होती हुई नजर आ रही है। आज हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के तक रह सकता है।  हालांकि, मौसम विभाग ने कहीं भी लू चलने की संभावना नहीं जताई है। 

 

यह भी पढ़ें: Live: बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी, सरकार बदलेगी या नहीं? नतीजे आज

पहाड़ों पर सुहावना मौसम

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों की बात करें तो यहां मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जिससे वहां के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही कश्मीर में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।