दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। चावल घोटाले का आरोप लगा रहे आम आदमी पार्टी के कुछ विधायक सदन के अंदर चावल लेकर आ गए और फेंकने लगे थे। इसी के बाद स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने इन विधायकों को बाहर करने के लिए मार्शल्स को आदेश दे दिया। विधायकों को मार्शल आउट किए जाने के दौरान ही मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि इनको प्यार से मत ले जाओ, इनको उठाकर फेंको। अब इसी टिप्पणी पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने 'दलित विरोधी' बताया है। AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाए हैं कि यह अधिकार को स्पीकर का है, मंत्री कब से आदेश देने लगे।
चावल घोटाले के आरोप पर दिल्ली सरकार के खाद्य मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि ना तो सरकार ने कोई चावल खरीदा और ना ही बेचा। उन्होंने कहा कि उनके पास एक कंपनी का प्रतिनिधि आया था जिस पर उन्होंने सिर्फ इतना लिखा था कि नियमों के अनुसार विचार किया जा सकता है। उन्होंने AAP नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकमदा भी दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: Zepto के गोदाम में मिला कचरे का भंडार, फूड सेफ्टी विभाग ने लगाया ताला
विधानसभा में क्या हुआ?
सदन की कार्यवाही के दौरान ही AAP के विधायक कथित चावल घोटाले का आरोप लगाकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान विधायक कुलदीप कुमार ने चावल फेंके। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे नियमों का उल्लंघन बताया और मार्शल्स को आदेश दिए कि कुलदीप कुमार समेत 8 AAP विधायकों को बाहर निकाला जाए। जब मार्शल आए तो कुलदीप कुमार आसानी से जाने को तैयार नहीं थे और उन्हें जबरन उठाकर ले जाया गया।
इसी दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा अपनी सीट पर खड़े हुए और कहा, 'मार्शल्स, इनको फेंको उठाकर। इतने प्यार-प्यार से मत ले जाया करो भाई। फेंको इनको।' इस दौरान स्पीकर विजेंद्र गुप्ता लगातार विधायकों का नाम बोलते रहे और उन्हें निकालने के लिए कहते रहे।
क्या बोली आम आदमी पार्टी?
इस पर AAP दिल्ली ने सोशल मीडिया पर लिखा है, 'यह भाषा है बीजेपी मंत्री प्रवेश वर्मा की एक दलित विधायक कुलदीप कुमार जी के लिए। एक दलित का इनके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाना इनसे बर्दाश्त नहीं हो रहा। मोदी जी आप तो 15 साल के बच्चों से भी माफ़ी मंगवा लेते हैं। आपके ये नेता जो खुलेआम बत्तमीज़ी कर रहे, उन्हें कुछ नहीं बोलेंगे आप? इनके लिए सब माफ?'
यह भी पढ़ें: स्कूल तक नहीं थी सड़क, तिरंगा लिए डीएम ऑफिस में घुसकर बच्चों ने किया प्रदर्शन
मार्शल आउट किए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में कुलदीप कुमार और संजीव झा ने मीडिया को संबोधित किया और कई आरोप लगाए। इन नेताओं ने कहा कि बीजेपी की सरकार साइकिल से लेकर चावल तक में भ्रष्टाचार कर रही है और सवाल उठाने पर मार्शल आउट किया जा रहा है। AAP की ओर से मांग की गई है कि ऐसे मंत्री को बर्खास्त करें जो दवाओं में, साइकिल में और चावल में पैसे खा रहे हैं। AAP ने आरोप लगाए कि मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने चावल घोटाला किया है।
