झारखंड की राजधानी रांजी में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर मंगलवार को एक बार फिर जमकर हंगामा हुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे। पुराने विधानसभा परिसर के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। अफरा-तफरी के बीच कुछ ABVP कार्यकर्ता पुलिस की बस पर भी चढ़ गए।

 

प्रदर्शनकारी झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कार्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच की मांग कर रहे हैं। ABVP ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग उठाई है।

 

यह भी पढ़ें: रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज, संसद में राहुल गांधी क्यों घिरे? सदन में हंगामा

विधानसभा घेराव के लिए निकले ABVP कार्यकर्ता

ABVP कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विधानसभा का घेराव करने के लिए मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों के आरोप सामने आ रहे हैं लेकिन सरकार की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी को लेकर कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर जाने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। पुराने विधानसभा परिसर के पास पुलिस ने मार्च को रोक दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

झारखंड के मंत्री ने BJP पर निशाना साधा

झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'BJP की चाल और उसका चरित्र अब सबके सामने आ गया है। उसे युवाओं की कोई चिंता नहीं है। मुझे गर्व है कि आप लोगों ने कहा कि हमारे धरने की BJP के लोगों ने दबाने की कोशिश की। मैं फिर कहना चाहता हूं कि सरकार युवाओं के साथ खड़ी है और हम उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।'

 

यह भी पढ़ें: झारखंड बंद क्यों है?JSSC-JPSC की असली बात समझिए

 

उन्होंने आगे कहा, 'हम गोली चलाने में विश्वास नहीं रखते, हम बातचीत में विश्वास करते हैं। इसका समाधान जरूर निकलेगा। आज युवा विधानसभा तक पहुंच गए हैं इसका मतलब है कि हमने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।'

एक दिन पहले भी हुआ था जोरदार प्रदर्शन

इससे पहले सोमवार को भी बड़ी संख्या में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने विधानसभा की ओर मार्च किया था। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी खबर सामने आई थी।