असम के गुवाहाटी में चर्चित पत्नी हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामानुज गोस्वामी पुलिस हिरासत के दौरान हादसे का शिकार हो गया। ऐसा बताया जा रहा है कि पुलिस कस्टडी में मेडिकल जांच के लिए ले जाने के दौरान गाड़ी से कूदने के कारण आरोपी के सिर में गंभीर चोट आई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय नरकासुर पहाड़ी के पास यह घटना हुई जहां आरोपी को गंभीर चोट आई थी।
गुवाहाटी के बेलटोला स्थित वशिष्टपुर इलाके में रहने वाले कैब ड्राइवर रामानुज गोस्वामी ने बीते 3 सितंबर को अपनी पत्नी रिया तालुकदार का सिर धड़ से अलग करके हत्या कर दी थी। दोनों की शादी पिछले साल यानी 2025 में 22 सितंबर को हुई थी। आरोपी का कहना था कि पत्नी के कथित अवैध संबंधों के चलते उसका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी के कटे हुए सिर को फ्रिज में रख दिया था।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में कार सवार ने पहले किया महिला बाइकर का पीछा, फिर मारी जोरदार टक्कर
घटना के बाद आरोपी ने 6 सितंबर की रात पुलिस के सामने सरेंडर किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव ओर सिर को बरामद किया था। कोर्ट से मिली 7 दिन की कस्टडी खत्म होने के बाद 14 सितंबर, सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जाना था लेकिन रविवार रात जब पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी, तब नरकासुर पहाड़ी के पास वह चलती गाड़ी से कूद गया। इस घटना के बाद आरोपी को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
'कोई पछतावा नहीं'
पुलिस कस्टडी के दौरान 8 सितंबर को जब आरोपी को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था, तब उसने मीडिया से बातचीत में कहा था कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। आरोपी का कहना था कि वह माफी भी नहीं मांगेगा। उसने यह भी धमकी दी थी कि जेल से बाहर आने पर वह पत्नी के प्रेमी की भी हत्या कर देगा।
यह भी पढ़ें: लिफ्ट में कुत्ता ले जा रही थी महिला, दूसरी औरत आई तो डंडे से मार दिया
जांच और सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी था। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित एक नशामुक्त केंद्र में उसका कई बार इलाज भी हो चुका था।
