तमिलनाडु में नई सरकार का गठन हो चुका है। जोसेफ विजय राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं और उनके साथ में मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इन मंत्रियों को लेकर एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में मंत्रिमंडल के आधे मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 20 प्रतिशत मंत्रियों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है।
एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी देते हुए बताया है कि 10 मंत्रियों में से पांच (50 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है जबकि तीन (30 प्रतिशत) मंत्रियों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले लंबित होने की सूचना दी है। एडीआर का कहना है कि इन मंत्रियों में मात्र एक महिला है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के सांगली में ढही मंदिर की दीवार, 6 की मौत; 14 घायल
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय सबसे धनी
रिपोर्ट के मुताबिक दो (20 प्रतिशत) मंत्रियों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है, जिनमें मुख्यमंत्री जोसेफ विजय सबसे धनी हैं। विजय की कुल संपत्ति 648.85 करोड़ रुपये है। मंत्रिमंडल की औसत संपत्ति 126.50 करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें: 45 दिनों में BSF को जमीन देंगे CM शुभेंदु, चुनाव में इसके लिए रार क्यों मची थी?
एस कीर्तना की संपत्ति 22.57 लाख रुपये
सबसे कम घोषित कुल संपत्ति वाली मंत्री एस कीर्तना हैं, जिनकी संपत्ति 22.57 लाख रुपये है। उन्होंने शिवकाशी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता है। रिपोर्ट के मुताबिक तीन मंत्रियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता आठवीं से बारहवीं कक्षा के बीच बताई है, जबकि सात मंत्रियों ने कहा कि उन्होंने स्नातक या उससे अधिक पढ़ाई की है।
एडीआर की एक पिछली रिपोर्ट में 233 विजयी उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया था। उसमें कहा गया था कि 126 (54 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की बात स्वीकार की है, जबकि 56 (24 प्रतिशत) गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।
