बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी छोटी बेटी की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। अनंत सिंह राजनीति से लेकर सिनेमा जगत तक की हस्तियों को शादी में आने का न्योता दे रहे हैं। इसी कड़ी में छोटे सरकार ने भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को वीडियो कॉल कर बेटी शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने का न्योता दिया है। वीडियो की शुरुआत में खेसारी लाल यादव अनंत सिंह को प्रणाम करते हैं। अनंत सिंह उनसे कहते हैं, '25 को आइए।' अनंत सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि, बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव 25 नवंबर को अपनी व्यस्तता का हवाला देते हैं। इस पर अनंत सिंह कहते हैं तब 20 तारीख को आ जाईए। खेसारी लाल इस पर जवाब देते हैं कि 20 नवंबर को भी उनका पहले से कार्यक्रम तय है। उन्होंने कहा कि वह समस्तीपुर में एक कार्यक्रम में रहेंगे और रात में पूर्णिया पहुंचेंगे। खेसारी ने अनंत सिंह को बताया कि वह 25 नवंबर की सुबह पटना पहुंचेंगे और शादी में शामिल होने के बाद उसी दिन वापस लौट जाएंगे। इस पर अनंत सिंह ने कहा, 'ठीक है।' इस बातचीत के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि खेसारी लाल यादव शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं।
दामाद को डिफेंडर देंगे अनंत सिंह
शिवांगी की शादी में उपहारों को लेकर भी चर्चा है। अनंत अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश को करीब ढाई करोड़ रुपये की डिफेंडर कार देने वाले हैं। वहीं, शादी के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ के विजेता को थार उपहार में देने की तैयारी है। शिवांगी की शादी ऋषिकेश से तय हुई है। उनके पिता रणविजय सिंह फोर्स में कार्यरत हैं और फिलहाल दिल्ली में पदस्थापित हैं। बिहटा में बहू के स्वागत के लिए नया घर बनवाया जा रहा है।
जयपुर थीम पर सजेगा स्टेज
जयमाला स्टेज को जयपुर थीम पर सजाने की योजना बनाई गई है। शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और देश-विदेश के मेहमानों को आमंत्रित कर रहे हैं। मनोज तिवारी , पवन सिंह , मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकारों को पहले ही न्योता दिए जाने की बात है। अब अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह वीडियो कॉल पर खेसारी लाल यादव को आमंत्रित कर रहे है। इससे पहले बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी उनसे वीडियो कॉल पर बात की थी और मुंबई आने का न्योता दिया था।
यह भी पढ़ें: पार्टी, बंगला और कैंडिडेट की हार; MLC चुनाव में अनंत सिंह ने क्या-क्या खोया?
भारत से पाकिस्तान तक सबको न्योता
अनंत सिंह ने कहा है कि उनकी बेटी की भव्य शादी के लिए भारत और पाकिस्तान के लोगों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पारिवारिक समारोहों में राजनीतिक मतभेदों की कोई जगह नहीं होती। उन्होंने कहा कि वह सभी पार्टियों के नेताओं को आमंत्रित करेंगे, जिनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी शामिल हैं।
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा, 'जिन लोगों ने हमें प्यार दिया है, वे सभी आएंगे। जनता हमारे लिए भगवान के समान है, जो भी कहीं से भी आएगा, वह मेरे लिए एक उपहार होगा। हम सभी को निमंत्रण कार्ड भेज रहे हैं। शादी में कोई सत्ता पक्ष या विपक्ष नहीं होता। इस तरह के बंटवारे तो चुनाव के समय और वोट मांगते वक्त होते हैं, शादी या पारिवारिक समारोहों में नहीं। बेटी की शादी में शाही इंतजाम की चर्चा है। 10 बीघे में पंडाल बनाने की बात सामने आ रही है। 4 लाख लोगों के भोज की तैयारी की चर्चा है।'
यह भी पढ़ें: ‘हिंदुस्तान-पाकिस्तान से आएंगे लोग’, बेटी की शादी के न्योते पर बोले अनंत सिंह
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
खेसारी लाल को न्योता देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फैंस कह रहे हैं कि खेसारी लाल यदि शादी में आए तो वहां का माहौल और भी शानदार हो जाएगा। फिलहाल शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां और लदमा में शादी की तैयारियां चल रही हैं।
