उत्तर प्रदेश के जिला आजमगढ़ में बैंक में रुपये जमा करने और निकालने पहुंचे लोगों को मदद का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गिरोह का सरगना अमित साहनी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से गुजर गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छह जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरोह के सदस्य बैंकों में रुपये जमा करने और निकालने आने वाले लोगों पर नजर रखते थे। इसके बाद मददगार बनकर उनसे बातचीत शुरू करते थे। कभी जमा पर्ची भरने में मदद करते तो कभी अधिक रुपये देने का लालच देकर भरोसे में लेते थे। मौका मिलते ही आरोपी असली नोट लेकर बदले में कागज की गड्डी थमा देते थे। पीड़ित को जब तक ठगी का एहसास होता, आरोपी फरार हो चुके होते थे।
दो वारदातों में 1.23 लाख रुपये की ठगी
जीयनपुर क्षेत्र में गिरोह ने इसी तरीके से दो लोगों को निशाना बनाया था। पहली घटना 10 अगस्त की है। धर्मराज चौहान अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में 74 हजार रुपये जमा करने पहुंचे थे। आरोपियों ने मदद के बहाने उन्हें विश्वास में लिया और शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर रुपये ले लिए। बदले में उन्हें कागज की गड्डी थमा दी गई।दूसरी घटना 29 अक्टूबर को हुई। भारतीय बैंक, जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही एक बुजुर्ग महिला का आरोपियों ने बैग बदल दिया और नकदी लेकर फरार हो गए। इन दोनों घटनाओं में कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
यह भी पढ़ें: UP के सिंचाई विभाग में 168 करोड़ का घोटाला, फर्जी खातों में पहुंचाई रकम
सुबह 5:30 बजे पुलिस से मुठभेड़
टप्पेबाजी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनकी बाइक फिसल गई।
थानाध्यक्ष की कनपटी के पास से निकली गोली
पुलिस के मुताबिक, बाइक गिरने के बाद एक आरोपी बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। बदमाश की गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना अमित साहनी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया।पुलिस ने मौके से अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह भी पढ़ें: 15 शादियां, अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग! महिलाओं को फंसाने वाला शातिर गिरफ्तार
छह जिलों में 18 मुकदमे, तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से 19,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।इसके अलावा एक अवैध तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। जीयनपुर पुलिस ने मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
