उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में घर के अंदर सात साल के मासूम नाती और उसकी बुजुर्ग नानी के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों के गले पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं, घर का सामान बिखरा पड़ा था और बुजुर्ग महिला के कानों से कुंडल गायब थे। घटनास्थल के हालात देखकर लूटपाट के बाद दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की आशंका गहरा गई है।
गांव कान्हा नगला निवासी विधवा न्याज बानो अपने सात वर्षीय नाती अफनान के साथ रहती थीं। शुक्रवार रात दोनों घर में मौजूद थे। शनिवार सुबह बच्चे की मां चाय लेकर घर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घर में नानी और नाती के शव पड़े थे। दोनों के गले पर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, बागपत में मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
कानों से कुंडल गायब, घर का सामान बिखरा
घटनास्थल पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। बुजुर्ग न्याज बानो के कानों से सोने के कुंडल गायब थे, जबकि उनकी पाजेब नीचे पड़ी मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। यह भी अंदेशा है कि बदमाशों ने पहचान उजागर होने के डर से नानी और मासूम नाती की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। वारदात के पीछे लूटपाट या किसी पुरानी रंजिश का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन, दिलजीत को बांग्लादेश से मिली धमकियां? यूपी ATS ने किया बड़ा खुलासा
पुलिस के पहुंचने में देरी का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने पुलिस के देर से मौके पर पहुंचने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसने घर में घुसकर सात साल के मासूम अफनान और उसकी बुजुर्ग नानी न्याज बानो की जान ले ली। दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल है।
