उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में 11 मार्च 2026 को होने वाली एक शादी दहेज के विवाद के कारण टूट गई। दूल्हे पक्ष ने ऐन वक्त पर शादी के सामान जैसे टीवी, फ्रिज, कूलर के बदले 3 लाख रुपये कैश की मांग रख दी। जब दुल्हन के पिता यह मांग पूरी नहीं कर पाए, तो बारात दरवाजे तक नहीं पहुंची और सजी-धजी दुल्हन इंतजार ही करती रह गई। यह मामला बांदा के अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है। जिसमें पीड़ित परिवार ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी कस्बे के ही एक युवक के साथ तय की थी। शादी से पहले तिलक और बरीक्षा जैसी रस्में धूमधाम से पूरी की गई थीं। इन रस्मों में लड़की पक्ष ने दूल्हे को बाइक, सोने के गहने और लाखों रुपये पहले ही दे दिए थे। परिवार का कहना है कि अब तक की तैयारियों में उनके लगभग 10.5 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: हर्निया और बवासीर बताकर करते थे एडमिट, निकाल लेते थे महिलाओं की बच्चेदानी
सामान के बदले कैश की जिद
शादी वाले दिन जब मेहमानों का आना-जाना लगा था और बारात आने वाली थी। तभी दूल्हे वालों की तरफ से कुछ लोग लड़की वालों के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें दहेज में दिया जाना वाला सामान जैसे टीवी, फ्रिज, कूलर और वाशिंग मशीन नहीं चाहिए। उनकी मांग थी कि इस सामान के बदले उन्हें तुरंत 3 लाख रुपये कैश दिए जाएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कैश नहीं मिला, तो बारात नहीं आएगी।
पिता की मजबूरी और उनका अपमान
दुल्हन के पिता ने दुल्हे के परिवार को बहुत समझाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि शादी का सारा सामान पहले ही खरीदा जा चुका है और उनके पास अचानक इतना कैश देने का कोई जरिया नहीं है। पिता ने बहुत हाथ-पैर जोड़े लेकिन दुल्हे वाले अपनी बात पर अड़े रहे। नतीजा यह हुआ कि बारात नहीं आई। इसके बाद कुछ लोगों ने लड़की के घर जाकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें: हॉस्टल में घुसा युवक, लड़की से की छेड़खानी; जान से मारने की धमकी भी दी
पुलिस की कार्रवाई
इस घटना से दुल्हन और उसका परिवार गहरे सदमे में है। समाज में प्रतिष्ठा खराब होने और मानसिक तनाव के कारण परिवार ने बांदा के एसपी पलाश बंसल से शिकायत की। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
