उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित बांके बिहारी मंदिर में महिला सिपाही ने गुस्से में श्रद्धालु को थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, भीड़ बढ़ने की वजह से धक्का-मुक्की हो गई। इस बीच महिला सिपाही को धक्का लग गया। इससे महिला सिपाही भड़क गई और लाइन में लगे शख्स को खींच कर उसपर थप्पड़ बरसाने लगी। 

 

घटना रविवार की बताई जा रही है। युवक परिवार के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए आया था। बेटे की पिटाई देख मां रोने लगी और चिल्लाती रही। दर्शन करने आए दूसरे श्रद्धालु भी बीच-बचाव की कोशिश कर रहे थे लेकिन महिला सिपाही नहीं मानी। 

 

यह भी पढ़ें: नई कार बताकर थमा दी टेस्ट ड्राइव वाली गाड़ी, अब देना होगा 9.2 लाख का जुर्माना

क्या है पूरा मामला? 

बताया जा रहा है, रविवार को छुट्टी के चलते बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं के भीड़ उमड़ी हुई थी। मंदिर में परिवार के साथ दर्शन करने आए एक शख्स से महिला सिपाही को धक्का लग गया। इससे वह भड़क गई और गुस्से में उसे पीटने लगी। महिला सिपाही के साथी पुलिसकर्मियों ने उसे नहीं रोका। बेटे की पिटाई देख मां रोने लगी और उसे छोड़ देने की गुहार लगाती रहीं। दर्शन करने आए दूसरे लोगों ने भी रोकने की कोशिश की लेकिन, महिला सिपाही नहीं मानी। भीड़ बढ़ती देख बाद में पुलिसकर्मी युवक को घसीटते हुए वीआईपी वेटिंग एरिया से बाहर लेकर चले गए।  

पुलिस का क्या कहना है? 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीओ सदर वरुण मिश्रा का कहना है कि महिला पुलिसकर्मी बांके बिहारी मंदिर के निकास गेट संख्या 4  पर तैनात थी। दर्शन करके निकल रहे युवक ने महिलापुलिस कर्मी के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया। ऐसे में महिला पुलिसकर्मी की ओर से पलटवार किया गया। दोनों पक्ष में आपसी सहमति से इस मामले का निस्तारण हो गया है। 

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल 

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख लाल रंग की टी-शर्ट पहने युवक को तीन-चार पुलिसकर्मी घेरे हुए दिखाई दे रहे हैं। महिला सिपाही शख्स को रेलिंग के पास से धक्का देते हुए बाहर लेकर आती हुई नजर आती है। वीडियो में महिला सिपाही चिल्लाते हुए युवक की टी-शर्ट पकड़कर उसे थप्पड़ मारती दिख रही है। 

शख्स खुद को बचाने की कोशिश करता है। पास खड़ी उसकी मां रोते हुए पुलिसकर्मियों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाती हैं। वे फिर भी उसे नहीं छोड़ते। बाद में पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए वहां से बाहर लेकर चले जाते हैं।