राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलित हैं। झारखंड में भी छात्रों का आंदोलन जारी है। मुख्यमंत्री ने छात्रों से वार्ता की थी, लेकिन वह विफल रही।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे छात्रों की मांगों और उनके भविष्य से जुड़ी चिंताओं को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री को छात्रों से सीधे बात करके समस्या का समाधान निकालना चाहिए। भाई वीरेंद्र ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में मॉनसून का कहर, 157 लोगों की मौत, लैंडस्लाइड से 260 सड़कें बंद

 

मांझी के गुजरात मॉडल वाले बयान पर ली चुटकी

 

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए हमले की निंदा करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि यह बहुत गलत काम है। जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि किसी पूर्व मुख्यमंत्री या आम नागरिक पर इस तरह का हमला होता है तो राज्य सरकार की छवि पर सवाल उठता है। यह सरकार के लिए ड्रॉबैक है। 

 

वहीं, बिहार में जीतन राम मांझी द्वारा गुजरात मॉडल लागू करने की मांग पर पूछे जाने पर भाई वीरेंद्र हंसते हुए बोले यह सवाल उन्हीं से पूछा जाना चाहिए कि वह आखिर क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की अपनी जरूरतें और अपनी समस्याएं हैं, उनका समाधान बिहार के मॉडल से ही निकलेगा।

 

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC धांधली पर बवाल, CBI जांच की मांग में ABVP कार्यकर्ता पुलिस बस पर चढ़े

 

दिनारा हत्याकांड को जातीय रंग देना गलत

 

दिनारा में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि हमारे नेता तेजस्वी यादव पीड़ित परिवार से मिलने गए थे। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति की हत्या हुई वह अपनी मजदूरी मांगने गया था। पैसा नहीं मिला तो उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। भाई वीरेंद्र ने कहा कि ऐसे मामले को जातीय रंग देना गलत है। अगर नेता पीड़ित परिवार से मिलते हैं तो इसमें जाति कहां से आ गई। उन्होंने दिनारा के विधायक आलोक सिंह के बयान को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि हत्या को जाति से जोड़कर माहौल खराब करने की कोशिश न की जाए।

 

CM नीतीश के साथ वायरल फोटो पर दी सफाई

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ वायरल हो रही अपनी तस्वीर पर भी भाई वीरेंद्र ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर लगभग पौने दो महीने पुरानी है। विधायक का अपने क्षेत्र के काम और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना सामान्य प्रक्रिया है। सबूत के तौर पर उन्होंने कहा कि आप उस फोटो में देखिए मेरे पूरे बाल हैं। जबकि मैंने 30 तारीख को अपना सिर मुंडवा लिया था। इसलिए यह तस्वीर पुरानी है। इसे लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि जनता के काम के लिए हर जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मिलता है, इसे गलत तरीके से पेश न किया जाए।