छत्तीसगढ़ की राजनीति से मंगलवार को एक सुंदर तस्वीर सामने आई। यह तस्वीर पूरे देश के लिए नजीर पेश करने वाली है। राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आमने-सामने एक सार्थक बहस हुई। दोनों नेताओं ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस करके एक दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय रायपुर प्रेस क्लब में एक साथ बातचीत की।
दोनों नेताओं के बीच में तकरीबन एक घंटा 20 मिनट तक बहस चली। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर केंद्र सरकार से उन्हें उतनी स्वीकृति मिली ही नहीं थी, जितनी बीजेपी सरकार में मिली है। बघेल के आरोपों का जवाब विजय शर्मा ने वहीं मीडिया के सामने सबूतों के साथ दिया।
यह भी पढ़ें: '14-14 घंटे कट लग रहे', पंजाब में बिजली संकट गहराया, सरकार घिरी, विपक्ष आक्रामक
भूपेश बघेल ने सामने रखे तथ्य
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बहस के दौरान कहा उप मुख्यमंत्री शर्मा से कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए कुल 18 लाख प्रधानमंत्री आवास देने का वादा किया गया था। अपनी पहली कैबिनेट में बीजेपी सरकार ने 11 लाख मकान स्वीकृत किए थे। उन्होंने कहा कि बाद में तीन लाख मकान और स्वीकृत किए, लेकिन बाकी के चार लाख मकान कहां हैं?
भूपेश बघेल ने विजय शर्मा से कहा कि आपने 18 लाख की स्वीकृति कही थी। उसमें अभी चार लाख बचे हैं। आप अपना वादा कितना पूरा कर पाए हैं? बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए तीन बार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 लाख स्वीकृत कर गए। ऐसे में 28 लाख मकान हो गए। उन्होंने कहा कि ये मकान जमीन पर कहां गए?
भ्रमित कर रहे भूपेश बघेल- विजय शर्मा
पूर्व सीएम बघेल के दावों पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, 'प्रधानमंत्री आवास में जिस तरह पहले भ्रमित करने की कोशिश की गई थी वैसे ही इस बार ये लोग (कांग्रेस) भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास केंद्र के माध्यम से स्वीकृत होता है और बजट का प्रावधान बताना होता है। भूपेश बघेल जानकर भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने 11,75,000 प्रधानमंत्री गरीब आवास बनाए हैं।'
आपने 84,000 मकान क्यों बंद किया?
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने भूपेश बघेल से पूछा कि आपने 84,000 मकान क्यों बंद किया? आपने किस पोर्टल पर भेजा? आप खुद मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री थे। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि आप झूठ परोसना छोड़ दीजिए। विजय शर्मा ने इसपर कहा कि आज के बाद आप पीएम आवास योजना पर बात मत कीजिएगा। अब केंद्र के पोर्टल पर नहीं डाल रहे थे। आप मुख्यमंत्री ग्रामीण न्याय आवास योजना पर पैसे डाल रहे थे। भारत सरकार ने पोर्टल बंद नहीं किया था।
अनावश्यक बात मत कीजिए
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आप अनावश्यक बात मत कीजिए। मैं जानता था कि आप गूगली कर देंगे, जिस पर मैं खेल नहीं पाऊंगा। विजय शर्मा ने भूपेश बघेल के आरोपों को खारिज कर दिया। साथ ही कहा कि केंद्र का पोर्टल बंद नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि केंद्र से कोरोना काल में भी पैसे आ रहे थे।
यह भी पढ़ें: कटिहार में ट्रेन से 4 विदेशी धराए, म्यांमार के युवक के साथ 3 नाबालिग लड़कियां
चलता रहा आरोप-प्रत्यारोप
जबकि, भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने पीएम आवास योजना के सात लाख आवास मंजूर किए थे। विजय शर्मा ने इस दौरान केंद्रीय मंत्री की चिट्ठियां सामने रखीं, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार को लिखा गया था। लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। दोनों के बीच पूरी बहस के दौरान आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे हैं।
