हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। उन्होंने ऐलान किया है कि कौशल कर्मियों को पक्का करने और अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस 19 अगस्त को बड़ा धरना-प्रदर्शन करने जा रही है। इस प्रदर्शन में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सांसद, विधायक और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इस धरना-प्रदर्शन के संयोजक की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा को सौंपी गई है।
पूर्व सीएम हुड्डा ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करके हुए कहा कि कांग्रेस की मांग है कि कौशल निगम के तहत लगे सभी कर्मचारियों को पक्का किया जाए और भविष्य में कच्ची भर्तियों की बजाए पक्की भर्तियां की जाएं। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में कच्चे कर्मचारियों का वोट लेने के लिए 1,25,000 कौशल कर्मियों को पक्का करने का ऐलान किया था लेकिन लगभग 2 साल बाद भी, आज तक इन कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का कोई कानून या आधिकारिक पत्र नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: स्कूल में सांप ने 6 को काटा, तीन लड़कियों की मौत; CM ने लाइसेंस किया रद्द
हमेशा नौकरी जाने का खतरा मंडराता है
उन्होंने जोर देकर कहा कि इसी वजह से इन तमाम कर्मचारियों के सिर पर हमेशा नौकरी जाने का खतरा मंडराता रहता है। आए दिन किसी न किसी बहाने से सरकार इन कौशल कर्मियों को नौकरी से निकालती रहती है। हुड्डा ने कहा कि जिस काम के लिए कौशल कर्मियों को मुश्किल से 15-20 हजार रुपये दिए जाते हैं, उसके लिए पक्के कर्मचारियों को कम से कम 60 हजार रुपये वेतन मिलता है। उन्होंने कौशल कर्मियों को भी उनके बराबर वेतन देते की बात कही।
परिवारों के बीच भ्रम फैलाया गया
बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान इन कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच भ्रम फैलाया गया था। बीजेपी ने यह झूठ बोला कि कांग्रेस सरकार आने पर इन कर्मियों को नौकरी से हटा दिया जाएगा। जबकि कांग्रेस उस समय भी और आज भी ये मांग करती है कि इन कर्मियों को पक्का किया जाए और इनके वेतन में बढ़ोत्तरी हो।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने इस सरकार के घोटालों का अध्ययन करने और उन्हें उजागर करने के लिए एक कमेटी बनाने का फैसला लिया है। इस कमेटी के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा होंगे और विधायक रघुबीर कादियान इसके विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। इन दोनों वरिष्ठ विधायकों के पास अधिकार होगा कि वो कमेटी में और किस-किस को शामिल करना चाहते हैं।
बैंकों का मुद्दा विधानसभा में गूंजेगा
हुड्डा ने बताया कि आने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक में जो घोटाला हुआ है, उसपर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव लेकर आएगी। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था के पतन और बढ़ते संगठित अपराध, प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर टैक्स बढ़ाने के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगने के लिए प्रस्ताव दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में मॉनसून का कहर, 157 लोगों की मौत, लैंडस्लाइड से 260 सड़कें बंद
गांवों-किसान बिजली कर्मियों की उठाएंगे आवाज
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हुड्डा ने कहा कि बारिश के कारण शहरों और गांवों में हुए जलभराव, किसानों के लिए मुआवजा, बिजली कर्मियों की मांगों, गुरुग्राम में बिजली के निजीकरण, गेस्ट टीचर्स, सफाई कर्मियों व अन्य कर्मचारियों की मांगों को उठाने के लिए भी विधानसभा में कांग्रेस विधायक प्रस्ताव देकर चर्चा की मांग करेंगे। गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि जब कोर्ट ने टीचर्स के समर्थन में फैसला दिया है तो सरकार को तुरंत उन्हें पक्का करके, पक्के कर्मचारियों वाले लाभ देने चाहिए। ऐसा करने की बजाए, सरकार कोर्ट के फैसले की अनदेखी कर रही है।
किसानों को लेकर असंवेदनशील है सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सरकार किसानों को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील है। इसीलिए केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा के लिए जो आवंटित यूरिया और अन्य खाद का स्टॉक भी सरकार ने नहीं उठाया है। अगस्त तक हरियाणा को केंद्र द्वारा 9 लाख 59 हजार मिट्रिक टन यूरिया आवंटित किया गया। लेकिन सरकार ने सिर्फ 8 लाख 14 हजार 319 मिट्रिक टन ही उठाया है। इसी तरह डीएपी 2.53 लाख मिट्रिक टन आवंटित हुआ, जिसमें से सरकार ने मात्र 1.15 लाख मिट्रिक टन ही उठाया है। यानी सरकार का मकसद है कि किसान एकबार ही खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगें और उन्हें परेशानी हो।
हरियाणा को बनाया जाए को-ऑर्गेनाइजर स्टेट
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस सांसदों की मांग का समर्थन करने का फैसला लिया है। सभी विधायकों ने मांग उठाई है कि भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाया जाए। क्योंकि हमेशा हरियाणा के खिलाड़ियों ने हरेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए सबसे ज्यादा मेडल जीते हैं।
इस दौरान पूर्व सीएम ने पंजाब के SYL और E20 एथेनॉल मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा।
