बिहार के बेगूसराय जिले में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद पहुंचे। उन्होंने मटिहानी प्रखंड और सिंहौल के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान सोनू सूद ने नाव पर सवार होकर प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी परेशानी जानी। उन्होंने डूबे हुए घरों, खेतों और स्कूलों को भी देखा। कई जगहों पर अभी भी घुटने से ऊपर पानी है और लोग मचान पर रहने को मजबूर हैं।
सोनू सूद अपनी चैरिटी फंड से बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री बांटने के लिए बेगूसराय पहुंचे थे। इस दौरान वे पतला टोल, सिंहौल और मटिहानी दियारा क्षेत्र के कई गांवों में गए। उन्होंने लोगों से उनकी परेशानी के बारे में बात की और उन्हें मदद का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें: मोजों में छिपाकर ले जा रहा था करोड़ों का सोना, पटना जंक्शन पर DRI ने पकड़ा
500 से ज्यादा परिवारों को मिली राहत
सोनू सूद करीब 12 बजे बेगूसराय पहुंचे। वहां से सीधे वे मटिहानी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में गए। मटिहानी में गंगा और बूढ़ी गंडक के पानी से कई इलाके प्रभावित हैं। हजारों एकड़ फसल डूब गई है और गांवों में पानी घुस गया है। लोगों के घरों में 3 से 4 फीट तक पानी है। सोनू सूद नाव पर सवार होकर पतला टोल पहुंचे। वहां सैकड़ों ग्रामीण पहले से उनका इंतजार कर रहे थे। सोनू सूद को देखते ही ग्रामीणों के चेहरे पर उम्मीद नजर आई। उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया, बच्चों को प्यार किया और महिलाओं से उनकी परेशानी सुनी।
एक बुजुर्ग महिला ने रोते हुए बताया कि घर में पानी घुस गया है और खाने के लिए कुछ नहीं है। सोनू सूद ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा, 'आप अकेले नहीं हैं हम सब आपके साथ हैं।' इस दौरान सोनू सूद ने अपनी चैरिटी फंड से बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटी। इसमें चावल, आटा, दाल, तेल, मसाला, बिस्किट, पानी की बोतल, तिरपाल, मच्छरदानी और दवाइयां शामिल थीं। उन्होंने खुद अपने हाथों से लोगों को राहत पैकेट दिए। करीब 500 से ज्यादा परिवारों को राहत सामग्री दी गई।
इस मौके पर समाजसेवी आशुतोष कुमार भी मौजूद रहे। आशुतोष ने ही सोनू सूद को बेगूसराय में बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि बेगूसराय में हर साल बाढ़ आती है और हजारों लोग बेघर हो जाते हैं। सोनू सूद ने उनकी अपील पर तुरंत बेगूसराय आने का फैसला किया। आशुतोष ने कहा, 'सोनू सूद ने कोरोना काल में भी हजारों लोगों की मदद की थी। इस बार भी वे बेगूसराय के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे हैं।'
यह भी पढ़ें: डाक पार्सल वैन से कर रहे थे शराब की तस्करी, बक्सर में 10 लाख की खेप बरामद
अधिकारियों ने सोनू की सराहना की
मीडिया से बातचीत में सोनू सूद ने कहा, 'बाढ़ जैसी स्थिति में बिहार के साथ उन सभी लोगों को आगे आने की जरूरत है जो मदद करने में सक्षम हैं और जिनके पास संसाधन हैं। यह समय मदद करने का है। बिहार हर साल बाढ़ से जूझता है। यहां के लोगों में हिम्मत बहुत है लेकिन उन्हें सहारे की जरूरत है।' सोनू सूद ने कहा कि उन्होंने कई गांवों में जाकर देखा है। लोगों के घर डूबे हुए हैं, फसल बर्बाद हो गई है और बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। यह बहुत दुखद है। सरकार अपना काम कर रही है लेकिन हम सभी को भी आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम बेगूसराय में आगे भी मदद करती रहेगी। जिन लोगों के घर टूट गए हैं उनके घर बनाने में भी मदद की जाएगी। सोनू सूद ने कहा कि बिहार ने उन्हें बहुत प्यार दिया है और उनकी कई फिल्में यहां पसंद की गई हैं। इसलिए जब उन्हें बेगूसराय में बाढ़ की जानकारी मिली तो वे खुद को रोक नहीं पाए और यहां चले आए।
मटिहानी प्रखंड के अधिकारियों ने भी सोनू सूद के इस कदम की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ के समय सरकारी मदद के साथ-साथ निजी संस्थाओं और लोगों की मदद भी जरूरी होती है। सोनू सूद जैसे लोगों के आने से बाढ़ पीड़ितों का हौसला बढ़ता है।
