बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कायाकल्प पोर्टल भी लॉन्च किया। इस पोर्टल के जरिए राज्य में चल रही योजनाओं की निगरानी आसान होगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव HR श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के जरिए कायाकल्प पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोर्टल से योजनाओं की ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग आसान होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि कौन सा काम कितना पूरा हुआ है और कौन से काम अभी बाकी हैं।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में PM मोदी की तस्वीर पर आपत्तिजनक पोस्ट, RJD नगर अध्यक्ष गिरफ्तार
क्या है अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा, 'इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं और सरकारी परिसंपत्तियों को बेहतर और साफ-सुथरा बनाना है।' इसके साथ ही जरूरत के हिसाब से नई सुविधाएं और बुनियादी ढांचा तैयार करना भी अभियान का हिस्सा है। अभियान के दो मुख्य हिस्से हैं। पहले हिस्से में पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का सुधार, मरम्मत और मजबूती का काम किया जाएगा। इसे हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा करना है। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहा, 'कोशिश हो कि ये काम दीपावली से पहले ही पूरे कर लिए जाएं।'
दूसरे हिस्से में नई सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। इसे 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाए। छोटी-छोटी जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाए और उनका सही तरीके से काम कराया जाए। पंचायत विकास दिवस के कार्यक्रमों में भी इस अभियान के कामों को शामिल कर बेहतर तरीके से पूरा किया जाए।'
पोर्टल पर मिलेगी हर योजना की जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा, 'कायाकल्प पोर्टल पर सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान से जुड़े विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध रहेगी।' इसमें ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास और शिक्षा विभाग शामिल हैं। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। इसमें योजनाओं की प्रगति, अब तक हुए काम और पूरी हो चुकी योजनाओं की जानकारी दर्ज होगी।
कायाकल्प पोर्टल के साथ मोबाइल ऐप के जरिए भी योजनाओं की जानकारी ली जा सकेगी। इससे योजनाओं की प्रगति पर नजर रखना आसान होगा और जिन कामों में देरी हो रही है उनमें तेजी लाई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'छोटे-छोटे कामों के जरिए आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देना ही इस अभियान का मकसद है। जहां लोगों को परेशानी हो रही है या बुनियादी सुविधाओं में सुधार की जरूरत है वहां जरूरत के अनुसार काम कराया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: बिहार के 5 जिलों में शुरू होगी ऑयल पाम की खेती, किसानों को मिलेगा अनुदान
30 नवंबर तक पूरे करने होंगे काम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 नवंबर तक पंचायत स्तर के सभी छोटे-छोटे विकास कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा, 'स्कूलों की रंगाई-पुताई और जहां जरूरत हो वहां सामुदायिक भवनों का निर्माण समय पर पूरा किया जाए।' इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण और दूसरे जरूरी काम भी तय समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए। अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास समेत दूसरे छात्रावासों में जरूरी सुविधाएं भी पूरी करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों और दूसरे सार्वजनिक संस्थानों में बचे हुए छोटे कामों को भी 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'सभी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी अभियान के उद्देश्य के अनुसार काम करें और तय समय-सीमा में सभी जरूरी कार्य पूरे करें।' उन्होंने मंत्रियों को अभियान की बेहतर मॉनिटरिंग करने और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे सफल बनाने को कहा। उन्होंने कहा, 'अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सभी का सहयोग लिया जाए।' मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अभियान के जरिए छोटे-छोटे जरूरी काम पूरे होंगे और इससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव HR श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।
