बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन कर जुर्माना नहीं भरने वाले वाहन मालिकों के लिए अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। परिवहन विभाग ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला किया है, जो लंबे समय से ई-चालान की राशि जमा नहीं कर रहे हैं। विभाग के नए निर्देशों के अनुसार, निर्धारित समय सीमा के भीतर चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और वाहन मालिक के ड्राइविंग लाइसेंस पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

 

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान जारी होने के छह महीने के भीतर जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन नंबर ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है, जबकि संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। विभाग का मानना है कि बार-बार नोटिस के बावजूद बड़ी संख्या में लोग चालान भुगतान में लापरवाही बरत रहे हैं।

करोड़ों रुपये का बकाया, विभाग की बढ़ी चिंता

ई-चालान व्यवस्था लागू होने के बाद भी बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। परिवहन विभाग द्वारा तैयार आंकड़ों के मुताबिक नालंदा जिले में ही 6,512 वाहनों पर 135569955 रुपये का जुर्माना बकाया है। यही स्थिति अन्य जिलों में भी देखने को मिल रही है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश लोग तब तक चालान नहीं भरते, जब तक वाहन के कागजात अपडेट कराने या किसी अन्य सरकारी प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ती।

 

यह भी पढ़ें: 12 साल, 12 सवाल, मोदी सरकार का 'अमृतकाल' बना आम जनता के लिए 'विनाशकाल'

 

एक बार वाहन ब्लैकलिस्ट होने के बाद मालिक के सामने कई प्रशासनिक और कानूनी बाधाएं खड़ी हो जाएंगी। वाहन का रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस और अन्य दस्तावेजों का अपडेट रुक सकता है। इतना ही नहीं, वाहन को किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर करना या बेचना भी संभव नहीं होगा। कई ऑनलाइन सेवाओं का लाभ भी प्रभावित हो सकता है।

नियम तोड़ना पड़ सकता है महंगा

यातायात नियमों के उल्लंघन पर पहले से ही भारी जुर्माने का प्रावधान है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 5,000 रुपये, शराब पीकर वाहन चलाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना और जेल, ओवरस्पीडिंग पर 1,000 से 2,000 रुपये, हेलमेट या सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1,000 रुपये तथा मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: TMC के बागियों से दोस्ती, BJP के लिए सियासी आफत क्यों है?

समय रहते करें भुगतान

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान की स्थिति की जांच कर समय पर भुगतान करें। विभाग का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भविष्य में वाहन, लाइसेंस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़ी बड़ी परेशानियों का कारण बन सकती है। अब सड़क पर नियम तोड़ने के साथ-साथ जुर्माना टालना भी महंगा साबित होने वाला है।