मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने तारापुर विधानसभा के सरस्वती विद्या निकेतन को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किए गए उच्च विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया। साथ ही हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन और असरगंज-जलालाबाद में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कक्षाओं का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता जानी और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद हरपुर मॉडल थाना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
नए थाना भवन, पुलिस लाइन और प्रशिक्षण केंद्रों से कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। अधिकारियों ने बताया कि नए थाने में जनसुनवाई कक्ष, अभिलेख प्रबंधन, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला-बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस और कंप्यूटर कक्ष जैसी सभी जरूरी सुविधाएं हैं।
यह भी पढ़ें: मुस्लिम युवक ने दोस्त संग उठाई 251 लीटर की कांवड़, दिया भाईचारे का संदेश
मुख्यमंत्री की 5 बड़ी घोषणाएं
1. हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज - बीएड कॉलेज भी बनेंगे डिग्री कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलना है। हाल में 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू हुए थे, असरगंज कॉलेज के साथ यह संख्या अब 212 हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। इससे ग्रामीण छात्रों को घर के पास उच्च शिक्षा मिलेगी।
2. शनिवार को सरकारी स्कूलों में हाफ-डे पढ़ाई
छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए बड़ा फैसला। इससे बच्चों को खेल-कूद और अन्य गतिविधियों के लिए समय मिलेगा। असरगंज स्कूल के सामने मैदान को भी विकसित किया जाएगा।
3. लाइव क्लास और 24x7 डिजिटल मदद
सीएम ने कहा कि सभी प्रखंडों में लाइव क्लास शुरू की जाएगी। डिजिटल ऐप के जरिए छात्र रात 11 बजे तक शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि पहले संसाधन के अभाव में गरीब बच्चे नीट-जेईई की तैयारी नहीं कर पाते थे, अब हर प्रखंड में कोचिंग और उच्च शिक्षा की व्यवस्था हो रही है।
यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला पर आतंकी खतरे का अलर्ट, झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
4. तारापुर में उद्योग और अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट
तारापुर के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने दो बड़ी घोषणाएं कीं। यहां उद्योग स्थापित किए जाएंगे और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण शुरू हो चुका है। इससे स्थानीय युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा और मुंगेर-तारापुर विकास का नया केंद्र बनेगा।
5. कांवर यात्रा - सामाजिक समरसता की मिसाल
मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवड़ यात्रा को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि एक रंग के कपड़े पहनकर लाखों लोग 100 किमी से अधिक पैदल चलकर जलाभिषेक करते हैं। इससे बड़ी समानता का उदाहरण दुनिया में दुर्लभ है। असरगंज डिग्री कॉलेज का शुभारंभ करते हुए सीएम ने कहा कि यह उनके चुनावी वादे का हिस्सा था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , पूर्व सीएम नीतीश कुमार और एनडीए नेतृत्व के सहयोग से बिहार तेजी से विकास कर रहा है। तारापुर की जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद थे। शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी घोषणाओं से इलाके में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि इन फैसलों से तारापुर की तस्वीर आने वाले समय में पूरी तरह बदल जाएगी।
