संजय सिंह, पटना: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में एक शादी समारोह उस वक्त फिल्मी कहानी में बदल गया, जब दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेने ही वाले थे और अचानक मंडप में एक युवती की एंट्री हो गई। युवती ने आते ही दूल्हे पर गंभीर आरोपों की झड़ी लगा दी। कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल तनाव और हंगामे में बदल गया। शादी में मौजूद लोग हैरान रह गए जबकि दुल्हन की आंखों से आंसू बहने लगे।

 

पूरा मामला पहाड़पुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां बलुआ गांव निवासी विशाल कुमार मिश्रा उर्फ विवेक मिश्रा की शादी चल रही थी। बारात पहुंच चुकी थी, जयमाला हो चुकी थी और शादी की रस्में आगे बढ़ रही थीं। तभी अचानक एक युवती वहां पहुंची और खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए शादी रुकवाने की मांग करने लगी। युवती की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो असम की रहने वाली बताई जा रही है। उसने दावा किया कि गुरुग्राम में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात विवेक मिश्रा से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर शादी का वादा कर युवक ने उसके साथ संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि विवेक ने कई बार उससे शादी करने का भरोसा दिया लेकिन बाद में मुकर गया।

क्या है मामला?

युवती पूजा कुमारी ने आरोप लगाया कि दूल्हे विवेक मिश्रा ने शादी का भरोसा देकर पहले उससे संबंध बनाए और फिर अचानक संपर्क तोड़ लिया। काफी दिनों तक बात बंद रहने के बाद उसे पता चला कि युवक की शादी 5 मई को बिहार में होने वाली है। इसके बाद पूजा सीधे पूर्वी चंपारण पहुंची और पहाड़पुर थाना में शिकायत दर्ज कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस से गुहार लगाने के बाद युवती सीधे शादी समारोह में पहुंच गई। मंडप में पहुंचते ही उसने दूल्हे को अपना पूर्व पति बताते हुए जमकर हंगामा किया। 

 

यह भी पढ़ें: घर में रख ली थी बेटी की लाश, 4 महीने परफ्यूम मारकर दबाता रहा बदबू, पिता गिरफ्तार

 

युवती के आरोप सुनते ही शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई। बारातियों और रिश्तेदारों के बीच कानाफूसी शुरू हो गई। लड़की पक्ष के लोग दूल्हे और उसके परिवार पर भड़क उठे। दुल्हन पक्ष ने इसे बड़ा धोखा बताते हुए नाराजगी जताई। कुछ देर के लिए शादी का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। लोग दूल्हे को कटघरे में खड़ा करने लगे लेकिन भारी हंगामे के बावजूद शादी नहीं रुकी। बताया जा रहा है कि युवती के विरोध के बीच ही आखिरकार शादी की सभी रस्में पूरी करा दी गईं।

पुलिस उलझी रही, दूल्हे ने ले लिए सात फेरे

 

मामला सिर्फ शादी में हंगामे तक सीमित नहीं रहा। युवती पूजा कुमारी ने खुलासा किया कि उसने पहले ही गुरुग्राम में दूल्हे विवेक मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज करा रखा है। शिकायत के बाद से वहां की पुलिस भी युवक की तलाश में जुटी थी। इसी बीच युवक की शादी की खबर मिलते ही युवती बिहार पहुंच गई और शादी रुकवाने की कोशिश की। शादी समारोह में पहुंची पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत कोई ठोस फैसला नहीं ले सके। काफी देर तक पुलिस सिर्फ फोन पर बातचीत करती नजर आई लेकिन दूल्हे को हिरासत में लेने या शादी रुकवाने की कार्रवाई नहीं हुई। इसका फायदा उठाते हुए दूल्हे ने मंडप में सात फेरे पूरे कर लिए।

 

यह भी पढ़ें: कोटा में सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ी तबीयत, एक महिला की मौत, 5 की हालत गंभीर

 

युवती लगातार विरोध करती रही लेकिन शादी की रस्में चलती रहीं। अब पूरा मामला पुलिस जांच तक पहुंच गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इधर, गांव से लेकर शहर तक इस हाई वोल्टेज शादी कांड की चर्चा जोरों पर है। कोई इसे प्रेम में धोखा बता रहा है, तो कोई पुलिस की सुस्ती पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

उधर, युवती ने इस मामले में गुरुग्राम में भी मुकदमा दर्ज करा रखा है। उसके बाद से पुलिस युवक के तलाश में है। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेने का स्पष्ट निर्णय नहीं ले सकी। पुलिस इधर-उधर अभी फोन पर बात करती दिखी। पुलिस की सुस्ती से शादी भी नहीं रुकी। दूल्हा ने सात फेरे पूरे कर लिए। अब पूरा मामला पुलिस के पास जांच के लिए पहुंचा है। पुलिस दोनों पक्षों को सुनकर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। इधर, इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।