बिहार के मुंगेर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नगर अध्यक्ष सैयद जुनैद मखमूर को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से पीएम की तस्वीर के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट और एक वीडियो शेयर किया था। पोस्ट में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
यह भी पढ़ें: बिहार में इंजीनियर सत्येंद्र चौधरी पर विजिलेंस का शिकंजा, पटना-पूर्णिया में छापा
भाजपा नेताओं ने की थी शिकायत
पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कासिम बाजार थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर कासिम बाजार थाने में FIR दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू हुई। इसके बाद कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबी कच्छप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए RJD नगर अध्यक्ष सैयद जुनैद मखमूर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और फेसबुक अकाउंट की भी जांच की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी को लेकर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में FIR दर्ज की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'हम मदद करेंगे...', नाव लेकर बिहार बाढ़ में उतर पड़े शिवराज और CM सम्राट
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन था। इसी दिन सैयद जुनैद ने अपने फेसबुक अकाउंट पर प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ एक पोस्ट और वीडियो शेयर किया था। भाजपा नेताओं के अनुसार, इसमें कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। इसके बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री के पद का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट से सामाजिक माहौल खराब हो सकता है। इसलिए पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। गिरफ्तारी के बाद मुंगेर में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। भाजपा ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है जबकि RJD खेमे में गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
