मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। सुबह मुख्यमंत्री लोक सेवक आवास के सामने पहुंचे और खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान शुरू किया। उन्होंने सड़क किनारे पड़े कचरे को साफ किया। मुख्यमंत्री को झाड़ू लगाते देख वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी सफाई में जुट गए। मुख्यमंत्री ने करीब आधे घंटे तक स्वच्छता अभियान चलाया और पूरे परिसर की सफाई कराई।

 

मुख्यमंत्री ने कहा, '‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ हर व्यक्ति समाज और राज्य को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका निभाए। स्वच्छता सिर्फ किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है।' उन्होंने लोगों से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के इलाकों को साफ रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, 'अगर हर व्यक्ति अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी ले ले तो पूरा बिहार स्वच्छ हो सकता है।'

 

यह भी पढ़ें: बिहार में टीबी खत्म करने का बड़ा अभियान, गांव-गांव होगी जांच, मुफ्त मिलेगा इलाज

 

मुख्यमंत्री ने कहा, 'सेवा संकल्प अभियान के जरिए सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह अभियान सिर्फ एक दिन तक चलाने के लिए नहीं है बल्कि इसे लगातार जारी रखना है। स्वच्छता को आदत बनाना होगा। जैसे रोज खाना और नहाना हमारी दिनचर्या का हिस्सा है वैसे ही सफाई भी जीवन का हिस्सा होनी चाहिए। गंदगी से बीमारियां फैलती हैं और स्वच्छता से स्वास्थ्य बेहतर रहता है।'

गंदगी से फैलती हैं बीमारियां

मुख्यमंत्री ने कहा, 'स्वच्छता को लेकर जागरूकता और मिलकर किए गए प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बिहार का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया था और उसी से प्रेरणा लेकर बिहार में स्वच्छ बिहार अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान भी इसी दिशा में एक प्रयास है। स्वच्छता अभियान में युवाओं की भागीदारी बहुत जरूरी है। युवा आगे आएंगे तो समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है।' 

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सभी जिलों के DM को भी इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, 'हर गांव और हर वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया जाए। कचरा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखा जाए और उसका सही तरीके से निपटारा किया जाए।'

 

यह भी पढ़ें: केरल में लॉज से महिला का अपहरण, फर्जी पुलिस बनकर पहुंचे लोगों ने किया गैंगरेप

CM ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। लोगों ने हाथ उठाकर अपने आसपास सफाई रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। मुख्यमंत्री ने कहा, 'सिर्फ शपथ लेने से काम नहीं चलेगा बल्कि इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाना होगा। हर व्यक्ति को सफाई की शुरुआत अपने घर से करनी होगी। घर साफ रहेगा तो मोहल्ला साफ रहेगा, मोहल्ला साफ रहेगा तो शहर साफ रहेगा और शहर साफ रहेगा तो पूरा बिहार स्वच्छ और सुंदर बनेगा।'

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे बिहार में स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सभी जिलों में मंत्री, विधायक और अधिकारी इन अभियानों में भाग ले रहे हैं। स्कूलों में बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'स्वच्छ बिहार से ही स्वस्थ बिहार बनेगा और स्वस्थ बिहार से विकसित बिहार का रास्ता तैयार होगा।'