बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में एक आर्केस्ट्रा डांसर के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। यह घटना मशरक-तरैया मुख्य मार्ग की है जहां शनिवार की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच स्कूटी चालक पर डर दिखाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल पीड़िता का इलाज अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक आर्केस्ट्रा टीम में डांसर का काम करती है। वह अपनी टीम के साथ एक जन्मदिन समारोह में कार्यक्रम करने गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह सुबह के समय स्कूटी से वापस लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान सुनसान जगह पर स्कूटी चालक ने स्कूटी रोक दी और डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को मशरक-तरैया मुख्य मार्ग पर छोड़कर फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें: बेतिया में ऑर्केस्ट्रा ग्रुप पर छापा, यूपी की 2 नाबालिग बरामद, संचालक गिरफ्तार

पुलिस ने शुरू की जांच

बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कार्यक्रम से लौट रही अपनी दो साथियों से संपर्क किया और उन्हें पूरी बात बताई। इसके बाद उसने आर्केस्ट्रा संचालक को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संचालक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता की हालत खराब होने पर उसे तुरंत अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी अमनौर थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। शुरुआती जांच में पता चला कि घटना तरैया थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद अमनौर पुलिस ने मामले की जानकारी तरैया थाना पुलिस को दी और आगे की कार्रवाई के लिए मामला वहां भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई है।

 

तरैया थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी स्कूटी चालक की पहचान करने में जुटी है और उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में नेपाली गैंडे की दस्तक से दहशत, रेस्क्यू के दौरान वनकर्मी घायल

 

घटना के बाद आर्केस्ट्रा से जुड़े कलाकारों में भी नाराजगी है। कलाकारों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सारण जिले में देर रात तक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में कार्यक्रम खत्म होने के बाद महिला कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। पुलिस ने जल्द कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।