पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के तृणमूल विधायक दिलीप मंडल को ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें विजय जुलूस के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने की है।

 

यह पूरा मामला हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद विरोधी राजनीतिक पार्टियों को दिए गए भाषणों में कथित तौर पर दी गई धमकियों से जुड़ा है। दिलीप मंडल बिष्णुपुर विधानसभा से 4 मई को टीएमसी के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में कभी था AAP का 'शीशमहल', अब है BJP की 'कुर्सी', ये माजरा क्या है?

होटल से किया गिरफ्तार

बिष्णुपुर के विधायक दिलीप मंडल पुरी के एक होटल में ठहरे हुए थे। पुलिस ने उनका पता लगाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें 'ट्रांजिट रिमांड' पर कोलकाता लाया जा रहा है। यह गिरफ्तारी मंडल के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें वह कथित तौर पर पश्चिम बंगाल भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी देते और भड़काऊ टिप्पणी करते हुए सुने गए।

 

यह भी पढ़ें: केरल में ED अधिकारियों पर भीषण हमला, पुलिसकर्मियों ने बचाया

मंडल ने क्या कहा था?

आरोपों के अनुसार, मंडल ने कहा था, '15 सालों तक मैंने बहुत संयम दिखाया और शांति बनाए रखी। लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा।' उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का जिक्र करते हुए कथित तौर पर कहा था, 'अपने मुख्यमंत्री से पूछिए कि दिलीप मंडल कौन है'।

 

पुलिस ने 11 मई को तृणमूल की विजय रैली के दौरान कथित तौर पर की गई टिप्पणियों के संबंध में शिकायत दर्ज होने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया था। सूत्रों के अनुसार, विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को उकसाने और धमकाने से संबंधित आरोपों पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विधायक की गिरफ्तारी पर तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।