भारतीय जनता पार्टी अक्सर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या न आने को लेकर सवाल करती थी। अब सपा नेता पवन पांडेय ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तारीख तय कर दी है। पवन पांडेय ने कहा है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या आएंगे। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी में हनुमान जी का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन करेंगे। पवन पांडेय ने बताया कि अखिलेश यादव पूज्य गुरुजनों और संत-महंतों से भी मुलाकात करेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अयोध्यावासी मिलकर अखिलेश यादव का भव्य स्वागत करेंगे।
इससे पहले अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को अयोध्या आए थे। उस दिन वह पवन पांडेय के पैतृक आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए थे। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा था कि केदारेश्वर धाम का निर्माण पूरा होने के बाद वह राम मंदिर जाएंगे। इसके लिए उन्होंने पवन पांडेय से तारीख निकलवाने को कहा था। अब पवन पांडेय ने तारीख तय कर दी है।
'12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या आएंगे'
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए पवन पांडेय ने अखिलेश यादव के अयोध्या आने का पूरा कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा, '12 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय अखिलेश यादव जी सपरिवार अयोध्या आएंगे। वह हनुमानगढ़ी में हनुमान जी महाराज का दर्शन-पूजन करेंगे। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दर्शन-पूजन करेंगे। हमारे पूज्य संत-महंतों का आशीर्वाद लेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। हम सभी अयोध्यावासी उनका भव्य स्वागत करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'मेरा और नीरज का नार्को टेस्ट करा लें, सच सामने आएगा', अनंत सिंह का दावा
'अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री'
पवन पांडेय ने दावा किया कि इस बार समाजवादी पार्टी की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, 'हम भगवान श्रीराम के दरबार में यह विनती करेंगे कि जिन लोगों ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी किया, जिन लोगों ने नौजवानों और किसानों का अधिकार छीना, जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश को अराजकता की भट्ठी में झोंक दिया, जिन्होंने थाना-पुलिस और अस्पताल को लूट का अड्डा बनाया और जिन्होंने हमारी बहन-बेटियों से लैपटॉप और कन्या धन छीना, उस सरकार की विदाई होगी। वह सरकार जाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।'
यह भी पढ़ें: MLC चुनाव में सिर्फ 1 सीट जीती JDU, समीक्षा बैठक से गायब रहे नीतीश-निशांत और ललन
'बजरंगबली का आदेश है'
पवन पांडेय ने कहा कि आज हनुमान जन्मोत्सव है और अखिलेश यादव बजरंगबली के आदेश पर ही अयोध्या आ रहे हैं। उन्होंन कहा, 'आज बजरंगबली जी का जन्मदिन है। बजरंगबली हनुमान जी की प्रेरणा, उनका आशीर्वाद और उनका आदेश है। पूज्य गुरुजनों ने बताया कि 12 दिसंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जी आ रहे हैं। वह हनुमान जी महाराज का दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद लेंगे। प्रभु श्रीराम का दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद लेंगे।'
