उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सेवता से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक ज्ञान तिवारी के परिवार से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधायक ने अपनी बेटी की शादी जिस युवक से की, उस पर अलग-अलग पहचान बनाकर करीब 25 महिलाओं से शादी करने और उनसे करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
दामाद प्रखर त्रिवेदी और उसके पिता अनुज त्रिवेदी के खिलाफ विधायक ने रेउसा थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक का कहना है कि शादी के समय समधी ने खुद को मुंबई का प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कारोबारी बताया था और अपने आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारियां छिपाईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद सामने आई दामाद की असलियत
रेउसा थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक, विधायक ज्ञान तिवारी की बेटी प्रज्ञा की शादी प्रखर त्रिवेदी के साथ हुई थी। शादी से पहले प्रखर के पिता अनुज त्रिवेदी ने खुद को मुंबई का बड़ा और प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कारोबारी बताया था। विधायक के मुताबिक, शादी से पहले स्थानीय लोगों और कुछ प्रभावशाली लोगों से जानकारी जुटाई गई थी। उस समय परिवार को दामाद और उसके परिवार के बारे में कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली, जिससे संदेह पैदा हो। इसके बाद प्रज्ञा की शादी प्रखर से कर दी गई।
यह भी पढ़ें: यूपी में BJP का मिशन 2027 शुरू, 6 नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
25 महिलाओं से शादी और करोड़ों की ठगी का आरोप
शादी के बाद सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से प्रखर की कथित गतिविधियों की जानकारी विधायक के परिवार तक पहुंचने लगी। परिवार ने जब अपने स्तर पर पड़ताल की तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आने का दावा किया गया।आरोप है कि प्रखर ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अलग-अलग पहचान का इस्तेमाल करते हुए करीब 25 महिलाओं से शादी की और उनसे करोड़ों रुपये की रकम हासिल की। मामले की जानकारी सामने आने के बाद विधायक परिवार ने आरोपी परिवार से अपने संबंध खत्म कर लिए।
बेटी को घर लाए विधायक, सोशल मीडिया पर छलका दर्द
घटना से आहत विधायक ज्ञान तिवारी अपनी बेटी को वापस अपने घर ले आए। 6 अगस्त को विधायक ने बेटी के साथ सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो भी जारी किया। वीडियो में उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना दर्द जाहिर किया। विधायक ने कहा कि घटना से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और उनकी सार्वजनिक छवि को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोपी समधी के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने कहा कि यदि दामाद के खिलाफ लगे आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। रेउसा थाने में अनुज त्रिवेदी और प्रखर त्रिवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: ट्रेन को ही बना दिया ठेका! कोच अटेंडेंट के पास मिली 109 बोतल अंग्रेजी शराब
कई राज्यों से जुड़े होने का दावा, जांच में खुलेगा पूरा राज
मामले में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों का जिक्र सामने आया है। ऐसे में पुलिस अलग-अलग स्थानों से संबंधित जानकारी और शिकायतों को भी जुटा सकती है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए 25 महिलाओं से शादी और करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों में कितनी सच्चाई है।फिलहाल विधायक की शिकायत के बाद हाईप्रोफाइल मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
