बेंगलुरु में एक 26 साल के शख्स ने शनिवार को आत्महत्या कर ली। आत्महत्या इसलिए की क्योंकि कथित तौर पर उस शख्स की गर्लफ्रेंड ने किसी और से सगाई कर ली थी। गर्लफ्रेंड के छोड़ जाने का गम शख्स सह नहीं पाया और उसने अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया।
मृतक शख्स की पहचान किरण के रूप में की गई है, जो पेशे से जिम ट्रेनर और बॉडीबिल्डर था। खबरों के अनुसार, किरण ने अपने ही कमरे में आत्महत्या की और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। सुसाइड नोट में किरण ने बताया कि किन लोगों की वजह से वह यह कदम उठा रहा है।
यह भी पढ़ें: महिला टीचर ने पूछा- देर से क्यों आए? तो स्टूडेंट ने जड़ दिया थप्पड़
वैलेंटाइन डे की प्लानिंग कर रहा था
किरण अपनी मौत से पहले अपनी गर्लफ्रेंड के लिए वैलेंटाइन डे की प्लानिंग कर रहा था। वह यह सोच रहा था कि गर्लफ्रेंड को क्या गिफ्ट देगा, लेकिन तभी गर्लफ्रेंड ने किरण के अरमान तोड़ दिए। क्योंकि किरण को पता चला कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी और से सगाई कर चुकी है। यह जानकारी किरण को उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद दी थी।
किरण के परिवार वालों ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद यह खबर दी कि उसकी शादी हो रही है। साथ ही उसने शादी की साड़ी भी दिखाई और किरण को शादी में आने का निमंत्रण भी दिया। इसके बाद से किरण बेहद दुखी हो गया। इस खबर ने उसे अंदर से तोड़ दिया। उसी शाम किरण घर लौटा और अपनी मां से एक सफेद कागज और पेन मांगा। मां को शक हुआ और उन्होंने सवाल किया कि पेन और पेपर क्यों चाहिए। इसके जवाब में किरण ने कहा कि उसे कुछ हिसाब-किताब लिखना है। इसके बाद किरण अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार वालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां किरण मृत अवस्था में मिला। यह देख परिवार वाले सदमे में आ गए।
यह भी पढ़ें: नोएडा के एक मॉल में हुई झड़प, बाउंसर ने जमीन पर पटककर पीटा वीडियो वायरल
सुसाइड नोट में क्या लिखा था?
किरण ने अपने सुसाइड नोट में साफ शब्दों में लिखा था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी मां की वजह से आत्महत्या कर रहा है। साथ ही किरण के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि किरण ने अपनी सारी कमाई अपनी गर्लफ्रेंड का कर्ज चुकाने में खर्च कर दी थी। यह रकम किरण ने बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में जीतकर हासिल की थी। किरण की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
