उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक शादी सिर्फ इसलिए टूट गई क्योंकि दुल्हन को दूल्हे के परिवार की तरफ से दी गई साड़ी पसंद नहीं आई। पलक झपकते ही मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच मारपीट हो गई और आखिरकार बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

 

यह मामला जिले के डोकटी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, दलनछपरा गांव निवासी अजय गोंड की बेटी कुमारी निकी की शादी सहतवार थाना क्षेत्र के महादानपुर गांव निवासी विशाल गोंड से तय हुई थी। शादी समारोह 11 मई को रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव स्थित पंचरुख देवी मंदिर में आयोजित किया गया था।

 

यह भी पढ़ें: मणिपुर में चर्च से जुड़े 3 लोगों की हत्या, घात लगाकर उग्रवादियों ने किया हमला

शादी की रस्मों के दौरान बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान दूल्हे पक्ष की तरफ से दुल्हन को साड़ी दी गई। दुल्हन को साड़ी पसंद नहीं आई और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई लेकिन देखते ही देखते मामला गर्मा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाने की कोशिश की लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। कुछ ही देर में दोनों परिवारों के लोग आपस में भिड़ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट में कई लोग घायल

विवाद के दौरान हुई मारपीट में दुल्हन का भाई जीतनाथ गोंड, उसकी मां उमरावती देवी और लक्ष्मी देवी नाम की एक महिला घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद दूल्हा पक्ष बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस लौट गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। अब इलाके में इस घटना की काफी चर्चा हो रही है।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

दूल्हे पक्ष पर केस दर्ज

डिप्टी SP मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि दुल्हन के पिता अजय गोंड की शिकायत पर दूल्हे विशाल गोंड, पवन गोंड, मनोज, हरिराम और 4 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।