इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के दौरान मुंबई से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ब्रिटेन के 76 वर्षीय ब्रॉडकास्ट इंजीनियर जैन विलियम लैंगफोर्ड होटल के कमरे में मृत पाए गए। लैंगफोर्ड IPL को कवर करने भारत आए थे। इस घटना ने क्रिकेट जगत के साथ-साथ होटल स्टाफ और स्थानीय प्रशासन को भी हैरान कर दिया है। यह घटना 29 मार्च को हुए MI vs KKR मैच के बाद सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, लैंगफोर्ड साउथ मुंबई के एक होटल में ठहरे हुए थे। जब वह अपने कमरे में बेहोश हालत में मिले तो होटल स्टाफ ने तुरंत उन्हें बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई संदिग्ध कारण नजर नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के दूसरे मैच में मुंबई से हारी कोलकाता, KKR इस डिपार्टमेंट में रही फेल
होटल में ऐसे सामने आई घटना
रिपोर्ट्स के अनुसार, जैन विलियम लैंगफोर्ड 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में रह रहे थे। 29 मार्च को उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मैच को कवर किया था। मैच के बाद वह अपने कमरे में लौट आए थे। अगले दिन जब होटल रिसेप्शन से उन्हें कॉल किया गया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। स्थिति को देखते हुए मास्टर की से कमरा खोला गया, जहां लैंगफोर्ड फर्श पर पड़े मिले। इसके बाद तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस जांच में क्या खुलासा हुआ?
मरीन ड्राइव पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फिलहाल किसी तरह की साजिश या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। इस मामले को अप्राकृतिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अभी तक की जांच में कोई आपराधिक एंगल सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों में ठोकी फिफ्टी, CSK की उड़ाई धज्जियां
आपको बता दें कि 29 मार्च को हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने 221 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी। इस जीत के जश्न के बीच ब्रॉडकास्ट टीम के एक वरिष्ठ सदस्य का यूं चले जाना तकनीकी गलियारे के लिए बड़ी क्षति है। वानखेड़े स्टेडियम में अगला मुकाबला अब 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस के बीच होना है।
