हरियाणा के बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां गुरुग्राम में काम करने वाली बैंक कर्मचारी की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृत महिला का नाम महक है। महक की शादी पिछले साल 25 सितंबर 2025 को हिसार के रहने वाले अंशुल धवन के साथ हुई थी, जो पेशे से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट है। दोनों की शादी को अभी महज 5 महीने ही हुए थे। वैलेंटाइन डे के मौके पर पूरा परिवार खुशियों की उम्मीद कर रहा था, लेकिन रविवार की रात सब कुछ तबाह हो गया।

 

रविवार की रात करीब 11 बजे अचानक हड़कंप मच गया जब महक के पति अंशुल ने पुलिस को फोन किया। अंशुल ने घबराते हुए पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश लूट के इरादे से उनके घर में घुस आए थे। उसने दावा किया कि बदमाशों ने उन पर हमला किया और छीना-झपटी के दौरान उसकी पत्नी महक का गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। शुरुआत में आसपास के लोगों और पुलिस को भी यही लगा कि यह बदमाशों द्वारा की गई लूट और हत्या की एक खौफनाक वारदात है।

 

यह भी पढ़ें: दोस्ती, गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और दरिंदगी, भोपाल में 11वीं छात्रा के साथ हुआ क्या?

पुलिस की जांच

जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, तो उन्हें अंशुल की बातों पर शक होने लगा। पुलिस के सवालों के सामने अंशुल बार-बार अपने बयान को बदल रहा था। वह ना तो उन बदमाशों का हुलिया बता पा रहा था और न ही यह समझा पा रहा था कि हमलावर अचानक गायब कैसे हो गए। महक के पिता कृष्ण कथूरिया ने भी मौके पर पहुंचकर अपने दमाद पर शक जताया, जिससे पुलिस का ध्यान घर के अंदर की तरफ मुड़ गया।

सोची-समझी साजिश

जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो पति की पोल खुलने लगी। पता चला कि जिसे दुनिया लूट समझ रही थी, वह दरअसल सोची-समझी साजिश थी। अंशुल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे। उसने पहले महक का गला दबाया और फिर पास रखी कैंची से उसका गला रेत दिया।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा के पलवल में दूषित पानी पीने से 12 की मौत, सैकड़ों लोग पड़ गए बीमार

18 घंटे में बेनकाब हुआ कातिल

झज्जर पुलिस ने इस पूरे मामले की कड़ियों के जोड़ते हुए महज 18 घंटों के अंदर सच सामने ला खड़ा किया। आरोपी पति, जो खुद को पीड़ित बताकर पुलिस की हमदर्दी बटोरना चाहता था, वही अपनी पत्नी का असली कातिल निकला। पुलिस ने आरोपी अंशुल को गिराफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।