उत्तर प्रदेश के जिला आगरा में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। डौकी थाना क्षेत्र के बाजिदपुर इलाके में करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में कई पलटे खाते हुए नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में पिछली सीट पर बैठे तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक कार में पांच लोग सवार थे। सभी दिल्ली से बलिया जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे पुलिस को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हादसे की सूचना मिली। डौकी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली और तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।पुलिस ने यूपीडा और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: शामली में 85 हजार रुपये रिश्वत लेते खनन अधिकारी और क्लर्क गिरफ्तार, 71 लाख बरामद
140 की स्पीड में अचानक अनियंत्रित हुई कार
घायल चालक यशवंत ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर से टकराने के बाद हवा में उछल गई और कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि कार में बैठे लोग भी उछलकर बाहर जा गिरे।
पिछली सीट पर बैठे तीन दोस्तों की मौत
पुलिस के अनुसार चालक यशवंत और उसके बराबर वाली सीट पर बैठे चंद्रकांत घायल हुए हैं। वहीं पिछली सीट पर बैठे कपिल, भूपेंद्र और जयप्रकाश की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई बार हवा में पलटी और नीचे जा गिरी। हादसे में पिछली सीट पर बैठे तीनों लोग कार से बाहर निकलकर नीचे खाई में जा गिरे।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में छेड़खानी का फर्जी वीडियो वायरल, व्यूज-फॉलोअर्स बढ़ाने का था प्लान
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद डौकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और उसके अनियंत्रित होने को बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
