छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 27 साल के एक शख्स ने अपने ममेरे भाई के चार साल के बेटे की हत्या कर दी, हत्या के बाद उसके गुर्दे, फेफड़े और आंखें निकालकर उन्हें ऑनलाइन बेचने की कोशिश की। शख्स ने कथित तौर पर सोशल मीडिया से प्रभावित होकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के बयान के हवाले से बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के तरीके जानने के लिए नियमित रूप से सोशल मीडिया पर रील्स देखता था, जिसके बाद उसके मन में छोटे बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
बच्चे का शव जशपुर जिले के लोधेनापाठ महुआ गांव में एक खेत के गड्ढे में बोरे में भरा हुआ मिला था। पुलिस ने बताया कि शख्स ने सोशल मीडिया से प्रभावित होकर 4 साल के मासूम की हत्या कर दी, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पटाखों से 50 से ज्यादा लोगों की आखें झुलसीं, हमेशा के लिए अंधे हो गए कई लोग
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बासुदेव उर्फ टंगनू के रूप में हुई है। उसे रविवार को गिरफ्तार किया गया। बच्चे का शव जशपुर जिले के लोधेनापाठ महुआ गांव में एक खेत के गड्ढे में बोरे में भरा हुआ मिला था। जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लाल उमेद सिंह ने बताया कि बच्चे के पिता रामजीत राम (36) ने शनिवार को सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा जितेंद्र राम पांच नवंबर से लापता है। उन्होंने बताया कि रामजीत करीब एक साल पहले काम की तलाश में अपने परिवार के साथ सन्ना गांव आकर रहने लगे थे।
लाल उमेद सिंह ने बताया कि राम आमाटचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रहते थे, आरोपी शिकायतकर्ता का ममेरा भाई है और अक्सर उनके घर आता था। एसएसपी ने बताया कि शनिवार को परिवार के सदस्यों के साथ बच्चे की तलाश करते समय पिता को उसका शव एक बोरे में मिला। शव को कंबल और रजाई में लपेटकर मक्के के खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी में दबाया गया था। जांच के बाद पुलिस ने पास के चलनी गोर्रापाठ गांव के रहने वाले बासुदेव (27) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
ज्यादा पैसे कमाने की लालच में कर दी हत्या
आरोपी ने कहा कि वह दिहाड़ी मजदूरी से होने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। एसएसपी ने आरोपी के बयान का हवाला देते हुए बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के तरीके जानने के लिए नियमित रूप से सोशल मीडिया देखता था, जिसके बाद उसके मन में छोटे बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। 5 नवंबर को आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले गया। उसने शराब और चिकन खरीदा और बच्चे को कथित तौर पर शराब पिलाई। बच्चे के नशे में होने के बाद सो जाने पर आरोपी ने चाकू से उसका गला काट दिया, इसके बाद उसने बच्चे के शरीर को चीरकर उसके गुर्दे, फेफड़े और आंखें निकाल लीं और उन्हें एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया।
आरोपी ने शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद उसने शव को मिट्टी से ढक दिया। आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल के पास एक गड्ढे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, निकाले गए अंगों से भरी प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामान बरामद किया है। मामले की जांच की जा रही है।
