उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अलविदा जुमा की नमाज पर पूरा प्रशासनिक अमला सतर्क है। प्रशासन ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और क्षेत्राधिकारी असमोली कुलदीप कुमार मौजूद थे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के नाम पर जिले में किसी भी प्रकार की नारेबाजी और अराजकता को स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर भी प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी की है।
सोशल मीडिया पर सीओ कुलदीप सिंह का एक वीडियो वायरल है। इसमें उन्होंने कहा कि 10 आदमी खड़े होकर ईरान के लिए छाती पीटेंगे तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर इतना वो हैं, तो ईरान चले जाओ। अगर उस झगड़े का हमारे देश के कानून-व्यवस्था पर असर पड़ेगा तो हम बढ़िया वाला इलाज करूंगा। सीओ कुलदीप कुमार ने रील बनाने वालों को भी सख्त हिदायत दी और कहा कि रील बनाने वाले की हम रेल बना देंगे।
यह भी पढ़ें: 'बहुत बड़ी समस्या आ रही है, यह राजनीतिक बयान नहीं...', राहुल गांधी ने दी चेतावनी
सड़क पर नमाज पढ़ी तो जेल भेजेंगे
पीस कमेटी बैठक में सीओ कुलदीप कुमार ने यह भी कहा कि अगर कोई एक शख्स भी मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ते दिखा तो हम उसे उठाकर जेल भेज देंगे। आप अच्छे से त्योहार मनाइये। हम आपके साथ खड़े हैं, लेकिन अगर कोई एक आदमी पूरे सिस्टम को पलीता लगाने की कोशिश करेगा तो उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।
'कोई नारा और पट्टी भी स्वीकार नहीं'
सीओ का कहना है कि बहुत सारे लोगों को खुजली इस बात की है कि झगड़ा इजरायल और ईरान के बीच मचा है। मगर वह बीच में अपनी टांग लगाने में जुटे हैं। अगर इतनी ही दिक्कत है तो ईरान में फंसे भारतीय को लाने वाले जहाज में बैठकर ईरान चले जाओ। वहां ईरान की तरफ से लड़ो और लौटकर आ जाओ।
यह भी पढ़ें: '2500 में भी नहीं मिल रहा सिलेंडर', लंबी कतारें, कोई बेहोश, ईरान युद्ध का असर
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दो देशों की लड़ाई में अलविदा और जुमे की नमाज में किसी भी देश के विरोध में कोई नारा और पट्टी नहीं होना चाहिए। हम भारतीय हैं। हम यहां सुकून से रह रहे हैं। दो देशों के बीच झगड़ा अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है, यह वो देश जाने। इसका असर हमारे यहां नहीं पड़ना चाहिए।
