महिलाओं के प्रति अभद्र, अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वालों की अब खैर नहीं है। इसको लेकर हरियाणा महिला आयोग सख्त हो चुका है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने इसको लेकर एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी जारी कर महिलाओं के प्रति मर्यादा बनाए रखने को कहा गया है।

 

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने 14 नवंबर को एडवाइजरी जारी कर कहा कि महिलाओं के प्रति अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग गंभीर एवं चिंताजनक विषय है। कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर तथा विभिन्न राज्यों में संचालित कुछ ऑनलाइन समाचार एवं डिजिटल मीडिया चैनलों पर रिपोर्टिंग, चर्चा और टिप्पणियों के दौरान महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के मामले सामने आ रहे हैं। महिलाओं के सम्मान और अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा के गांव और शहरों तक फैला डिप्रेशन, फरीदाबाद सबसे आगे

ये की अपील

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग आमजन, सभी मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, ऑनलाइन समाचार चैनलों और सोशल मीडिया संचालकों से अपील करता है कि महिलाओं के बारे में सभ्य, मर्यादित और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया जाए।

 

किसी महिला के चरित्र, गरिमा या निजी जीवन पर टिप्पणी से बचा जाए। रिपोर्टिंग और चर्चा के साथ समाचारों के शीर्षक, कैप्शन, थंबनेल, तस्वीरों और वीडियो में भी महिलाओं की गरिमा का ध्यान रखा जाए। महिलाओं का अपमान करने वाली सामग्री को साझा, प्रसारित या प्रोत्साहित करने से बच जाए। संवेदनशील मामले में बेटियों और महिलाओं की तस्वीरों को दर्शाने से बचा जाए।

 

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में पहुंचकर कैसा लगा? शुभांशु शुक्ला ने बच्चों को सुनाई अपनी कहानी

'महिलाओं की गरिमा का हो सम्मान'

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, अस्मिता एवं अधिकारों के हनन के प्रति आयोग की जीरो टॉलरेंस नीति है। महिलाओं का सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अभिव्यक्ति में मयार्दा रखें और महिलाओं की गरिमा का सम्मान करें।