संजय सिंह, पटना। बिहार में शेखपुरा जिले के पचना गांव में तीन अज्ञात बदमाशों ने कस्टमर सर्विस पॉइंट ऑपरेटर (CSP) संचालक के साथ मारपीट कर 1.62 लाख रुपये समेत टैब और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसी दौरान ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और बाइक से लखीसराय की ओर फरार हो गए। घायल बृजनंदन मालाकार पचना गांव में रहते हैं। परिजनों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ASP डॉ. राकेश ने बताया को पुलिस को लूटपाट और फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद बॉर्डर इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। बृजनंदन ने बताया कि वह CSP बंद कर रुपये से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। पचना हाईस्कूल के गेट के समीप पहले से ही दो लोग मौजूद थे जिन्होंने उन्हें पकड़ लिया और बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से सिर पर वार कर घायल कर रुपये लूट कर चले गए।
यह भी पढ़ें: CM भगवंत मान के करीबी कर रहे भ्रष्टाचार? हाई कोर्ट ने दिए CBI जांच के आदेश
रुपये, टैब और मोबाइल लूटा
पचना गांव में बृजनंदन CSP केंद्र चलाते हैं। शाम को सेंटर को बंद करने के बाद वे रुपये से भरा बैग, टैब और मोबाइल लेकर घर लौट रहे थे। बैग में दिन भर का कलेक्शन 1.62 लाख रुपये था। जैसे ही वे पचना हाईस्कूल के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने उनके सिर पर तेजी से वार किया जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। उसके बाद वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। बदमाशों ने उनका बैग, टैब और मोबाइल लूट लिया। बैग में 1.62 लाख रुपये नकद थे। तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर लखीसराय की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी और उन्होंने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। इस कारण उनको पहचानना मुश्किल है।
गंभीर हालत में भर्ती
वारदात के बाद लोगों में काफी डर का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि कुछ देर तक समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि शाम होते ही गांव में बदमाशों का डर सताने लगता है। पुलिस की गश्त नहीं होती है और बदमाश बेखौफ होकर वारदात करते हैं। बृजनंदन के सिर पर 8 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत खतरे से बाहर है लेकिन सिर में गहरी चोट लगी है। उन्हें 24 घंटे तक निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद पचना और आसपास के सीएसपी संचालकों ने सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे दिन भर लोगों को बैंकिंग सेवा देते हैं और शाम को रुपये लेकर घर जाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा जरूरी है। पुलिस को शाम के समय गश्त बढ़ानी चाहिए। साथ ही केंद्रों के पास पुलिस की तैनाती करनी चाहिए, नहीं तो वे केंद्र बंद करने को मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें: जयपुर में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, न्यू सांगानेर रोड पर 260 पर एक्शन
बॉर्डर इलाकों में चल रहा अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पचना गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने हाईस्कूल गेट के पास से 3 गोलियां बरामद किए हैं। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। हाईस्कूल और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लखीसराय पुलिस से भी संपर्क किया गया है। एएसपी ने कहा कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि यह पूरी तरह से लूट की घटना है और बदमाशों ने पहले से योजना बनाकर वारदात की है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
