गुजरात के सूरत शहर से एक हैरान कर देने वाली और दुखद खबर सामने आई है। वहां घर के छोटे-मोटे झगड़े ने खौफनाक रूप ले लिया। अमरोली इलाके के कोसाड आवास में 31 अक्टूबर की रात मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद एक 22 साल की लड़की ने गुस्से में आकर अपने ही पिता की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान रमेशसिंह कैलाशसिंह राजपूत के रूप में हुई है। घटना की रात उनका अपनी बेटी काजल के साथ घरेलू काम को लेकर विवाद शुरू हुआ था। झगड़े के दौरान जब पिता ने डांटते हुए काजल का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया तो उसने गुस्से में आकर रसोई में रखे कुकर के ढक्कन व चाकू से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: 26 नवंबर को होगा विधानसभा का विशेष सत्र, हरियाणा कैबिनेट में हुआ फैसला
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे रमेश सिंह अपनी पत्नी मंजूबेन और छोटी बेटी के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात पर पिता और काजल के बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पिता ने बेटी का फोन जमीन पर फेंक दिया।
फोन टूटते ही काजल इतने गुस्से में आ गई कि उसने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर वार किए और फिर रसोई के चाकू से उनके पेट में हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रमेश सिंह खुद को बचाने के लिए घर के बाहर भागे लेकिन कुछ ही दूरी पर बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद परिवार के लोगों ने एम्बुलेंस के लिए फोन किया। मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। ज्यादा खून बह जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी और आरोपी की मां मंजूबेन ने अमरोली पुलिस स्टेशन में अपनी बेटी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: 'गुजराती व्यापारियों के चरणों में समर्पित कर दिया', NCP पर संजय राउत का हमला
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूरत पुलिस के ACP पार्थ चोवटिया के अनुसार, यह घटना अमरोली थाना क्षेत्र के कोसाड आवास H-5 में घटी। पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी काजल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरी घटना और हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। इस वारदात के बाद से कोसाड आवास इलाके के लोग बहुत हैरान हैं कि कैसे एक मामूली घरेलू झगड़ा इतने बड़े हादसे में बदल गया।
