चित्रकूट के देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

 

चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा पहाड़ के हुड़ा जंगल के पास शनिवार शाम पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में बहिलपुरवा थाने में तैनात सिपाही रायवेंद्र भी घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

374 कैमरे, छह हजार कॉल और 58 संदिग्ध

पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के लिए 374 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, करीब छह हजार मोबाइल कॉल का विश्लेषण किया और 58 संदिग्धों पर नजर रखी। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

 

यह भी पढ़ें:  'वारिस पंजाब दे' नेटवर्क खंगाल रहीं एजेंसियां, पीलीभीत से जत्थेदार गिरफ्तार

प्रेमी को बंधक बनाकर युवती से किया था सामूहिक दुष्कर्म

22 जुलाई की शाम चित्रकूट की देवांगना घाटी घूमने पहुंचे एक प्रेमी युगल को तीन युवकों ने रोक लिया था। आरोप है कि आरोपियों ने 17 वर्षीय किशोर को बंधक बना लिया और उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और उसके साथी ने आरोपियों की तस्वीरें देखकर उनकी पहचान की है। गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल के साथ विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल पर भी 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: युवाओं ने मुंह फेरा, अब किसानों को 'मन की बात' सुनाएगी BJP?

मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र घायल होकर पकड़ लिया गया, जबकि उसके दोनों साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।चित्रकूट पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।