देश की कोयला राजधानी और झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो हमलावरों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू खान को निशाना बनाकर गोली चला दी। इस हमले में शानू खान समेत तीन लोग घायल हो गए। आपको बता दें कि फहीम खान को अनुराग कश्यप की फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के किरदार फैजल खान की प्रेरणा माना जाता है।

 

जानकारी के मुताबिक, शानू खान वासेपुर में कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना में शानू खान को गोली लगी, जबकि स्थानीय दुकान चलाने वाले शाहम को भी दो गोलियां लगीं। फायरिंग की चपेट में आई एक महिला भी घायल हुई। तीनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें: लखीमपुर के स्कूल में गोलीकांड, टीचर की हत्या; आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

पुलिस खंगाल रही CCTV

पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह पता करने में जुटी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हमला किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा है या फिर किसी मौजूदा गैंग विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इससे हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

 

शानू खान पर हमला होने का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक साल पहले अलीनगर के पास भी उन्हें गोली मारने की कोशिश की गई थी। हालांकि, उस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। ताजा हमले के बाद पुलिस पुराने मामले और मौजूदा घटना के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: पहले रेप, फिर वीडियो से ब्लैकमेल; शादी के बाद पति को भेजा आपत्तिजनक वीडियो

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पुहंची और जांच के दौरान जरूरी सबूत जुटाए। शुरुआती रिपोर्ट में आठ खोखे और दो जिंदा कारतूस मिलने की बात कही गई थी। हालांकि, धनबाद के सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव के मुताबिक मौके से सात खोखे बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह साफ हो जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।