हरियाणा शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अनाधिकृत्त एक्सेस मामले में डायरेक्टर एलिमेंट्री एजुकेशन (निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग) ने पुलिस से अब जवाब तलब किया है। हरियाणा में निजी स्कूलों को मान्यता देने से जुड़ी प्रक्रिया में पोर्टल के दुरुपयोग और फर्जी दस्तावेजों के गंभीर मामले में कार्रवाई की रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पूरे प्रकरण का खुलासा करने में शिक्षा विभाग की तत्कालीन एचसीएस अधिकारी की देखरेख में गठित जांच कमेटी ने अहम भूमिका निभाई है।

 

लिहाजा उनकी जांच रिपोर्ट के बाद निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग के आदेश पर पंचकूला साइबर पुलिस को शिकायत सौंपी गई, लेकिन आज 15 दिन बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। अब इसे लेकर निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग मनीता मलिक ने अधीनस्थ अधिकारियों के मार्फत पुलिस से अभी तक एफआईआर दर्ज न करने के संबंध में जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय जांच में कुछ स्कूलों की ओर से अपलोड किए गए दस्तावेज भी फर्जी, बोगस और गैर-प्रामाणिक पाए गए हैं। अब मामले में साइबर पुलिस की कार्रवाई और पोर्टल पर हुई संदिग्ध गतिविधियों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान पर नजर है।

 

जांच रिपोर्ट के साथ विभाग ने उन सभी 12 स्कूलों की सूची भी पुलिस को सौंपी है, जिनके 13 केस पोर्टल पर अनाधिकृत तरीके से फॉरवर्ड अथवा अप्रूव दर्शाए गए। विभाग की तरफ से कई बार पुलिस से मामले में एफआईआर की कॉपी मांगी। कई दिनों बाद भी एफआईआर न होने पर अब डायरेक्टर एलिमेंट्री एजुकेशन आईएएस अधिकारी मनीता मलिक ने अधीनस्थ अधिकारियों के मार्फत पुलिस से अभी तक एफआईआर दर्ज न करने के संबंध में जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।  

 

यह भी पढ़ें: पंचकूला में मॉकड्रिल: स्कूल में आग लगने पर कैसे बचना है, छात्रों को सिखाए गए गुर

निगरानी और सत्यापन व्यवस्था पर भी सवाल

ऐसे में सवाल केवल पोर्टल में सेंधमारी का नहीं है बल्कि शिक्षा विभाग की उस निगरानी और सत्यापन व्यवस्था पर भी है। जिसके तहत निजी स्कूलों को मान्यता देने से जुड़े आवेदन प्रोसेस किए जाते हैं। जांच कमेटी की रिपोर्ट में उल्लेख है कि कमेटी को जारी किए गए गठन आदेश में कुल 13 केस एंट्रीज दर्ज थी, जो 12 स्कूलों से संबंधित थी।

 

रिपोर्ट में स्कूलों के नाम, केस नंबर और पोर्टल पर दर्ज अप्रूवल की तारीख भी दी गई है। दूसरी तरफ जब पुलिस से पक्ष जानने के लिए पंचकूला साइबर थाना प्रभारी को फोन किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। बता दें कि मामला एक स्कूल से जुड़ा हुआ नहीं है। बल्कि मेवात व पलवल के 12 स्कूलों से जुड़ा ये मामला है। इन स्कूलों की मान्यता में गड़बड़ी मिलने के बाद विभाग अब प्रदेश के अन्य स्कूलों की जांच करवाने की भी तैयारी कर चुका है।

 

यह भी पढ़ें: संडे ऑन साइकिल का 100वां कार्यक्रम आज, अर्जुन अवॉर्डी और ओलंपियन पहुंचेंगे

कमेटी ने की थी जांच

दरअसल शिक्षा विभाग की प्राइवेट स्कूल ब्रांच ने मेवात व पलवल के कुछ निजी स्कूलों द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मान्यता हासिल करने की आशंका जताई गई थी। मामला संज्ञान में आते ही तत्कालीन एचसीएस अधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने जांच की थी। कमेटी में असिस्टेंट डायरेक्टर व विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान 12 स्कूलों के दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं मिली थी।

 

जांच में सामने आया था कि इन 12 स्कूलों ने फर्जी प्लस मनी, फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी दस्तावेज फर्जी तैयार कर मान्यता प्राप्त कर ली थी। इसके बाद जांच में पता चला कि हरियाणा शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अनाधिकृत्त एक्सेस हुआ है। इसके बाद पंचकूला साइबर थाने में मामले की शिकायत दी गई। शिकायत में कहा गया कि पोर्टल के दुरूपयोग करने वालों का भी पता लगाया जाए।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में प्रदूषण रोकने के लिए 15 विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान, जारी हुए फंड

रिकॉर्ड और आवेदन प्रक्रिया की भी हो पड़ताल

शिक्षा विभाग ने साइबर क्राइम ब्रांच को दी शिकायत में महत्वपूर्ण तथ्य भी उठाया है। प्राइवेट स्कूल पोर्टल माध्यमिक शिक्षा विभाग और मौलिक शिक्षा विभाग दोनों के लिए साझा है। ऐसे में विभाग ने पुलिस से अनुरोध किया है कि तकनीकी जांच में दोनों विभागों के माध्यम से प्रोसेस किए गए आवेदनों में भी इसी तरह की अनधिकृत गतिविधियों की संभावना को शामिल किया जाए। इसका मतलब है कि जांच का दायरा केवल मौलिक शिक्षा विभाग के सामने आए मामलों तक सीमित नहीं होना चाहिए। माध्यमिक शिक्षा विभाग के पोर्टल रिकॉर्ड और आवेदन प्रक्रिया की भी पड़ताल होनी चाहिए।

 

यदि दोनों विभागों के पोर्टल पर एक जैसी गड़बड़ी हुई है तो उसके पीछे किसी संगठित तरीके से लॉगिन क्रेडेंशियल के दुरुपयोग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी। विभाग ने पुलिस से आईपी एड्रेस, लॉगिन हिस्ट्री, यूजर आईडी, डिवाइस डिटेल, सर्वर लॉग और टाइमस्टैम्प की जांच करने की मांग की है।

 

साथ ही यह पता लगाने को कहा है कि विभागीय लॉगिन क्रेडेंशियल चोरी हुए थे, किसी ने साझा किए थे या फिर किसी बाहरी व्यक्ति ने उनका दुरुपयोग किया। शिकायत में संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड और सर्वर लॉग को तत्काल सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके।

 

यह भी पढ़ें: संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा में घमासान, हुड्डा ने सरकार पर उठाए सवाल

सिक्योरिटी सिस्टम पर भी सवाल

हालांकि विभाग को अंदेशा है कि इस पूरे प्रकरण में एक से ज्यादा लोगों की भूमिका हो सकती है। मामले में सवाल ये भी उठता है कि विभाग के पोर्टल को आसानी से कोई बिना किसी पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी के कैसे ऑपरेट कर सकता है। विभागीय जांच में सामने आया कि पोर्टल पर जिन आवेदनों को फॉरवर्ड और अप्रूव दशार्या गया, उन्हें मुख्यालय की प्राइवेट स्कूल ब्रांच के अधिकृत अधिकारियों अथवा संबंधित जिला स्तरीय कमेटियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे नहीं बढ़ाया था जबकि इन आवेदनों की जांच और उन्हें आगे भेजने का अधिकार इन्हीं अधिकारियों और कमेटियों के पास था। इसके बावजूद पोर्टल पर आवेदन फॉरवर्ड और अप्रूव होने की एंट्री दर्ज हो गई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: बोर्ड की वेबसाइट पर मिलेंगे प्रश्नपत्र, रिजल्ट सुधारने के लिए BSEH का प्लान

दस्तावेजों की प्रमाणिकता पर सवाल

यदि आवेदन अधिकृत अधिकारियों ने प्रोसेस नहीं किए तो फिर किसकी लॉगिन आईडी से ये गतिविधियां हुई। क्या विभागीय स्तर पर लॉगिन और पासवर्ड की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। क्या मान्यता से जुड़े आवेदनों की निगरानी व्यवस्था केवल पोर्टल की एंट्री तक सीमित रह गई थी। जांच कमेटी ने संबंधित स्कूलों की ओर से पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों का सत्यापन भी किया।

 

इस दौरान कुछ दस्तावेज फर्जी, बोगस, गलत अथवा गैर-प्रामाणिक पाए गए। यह तथ्य इस पूरे प्रकरण को गंभीर बनाता है। हालांकि रिपोर्ट में सभी 12 स्कूलों के प्रत्येक दस्तावेज को फर्जी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन कुछ दस्तावेजों की प्रमाणिकता पर सवाल जरूर खड़े किए गए हैं। ऐसे में पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि किन स्कूलों के कौन-कौन से दस्तावेज फर्जी पाए गए, उन्हें किसने अपलोड किया और उन दस्तावेजों के आधार पर किस स्तर पर कार्रवाई की गई।